क्रिकेट के इतिहास कई ऐसे रिकॉर्ड हैं जिसे जानकर फैंस हैरान हो जाते हैं। आज ही के दिन 127 साल पहले 1 गेंद पर 286 रन बन गए थे। सुनने में यह अजीब है, लेकिन सच है। इंग्लैंड में सबसे पहले इस खेल की शुरुआत हुई। उन्हीं के द्वारा दुनिया भर में फैला। साल 1900 के पहले कुछ ही देशों में यह खेला जाता था। उनमें ऑस्ट्रेलिया एक था। 15 जनवरी 1894 को ही एक गेंद 286 रन बनने की अनोखी घटना हुई थी। इसे बहुत ही कम क्रिकेट फैंस जानते हैं।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में आज ही के दिन ‘विक्टोरिया’ और ‘स्क्रैच XI’ के बीच एक मैच खेला जा रहा था। मुकाबले के दौरान एक बल्लेबाज ने ऐसा शॉट मारा कि बॉल पेड़ पर अटक गई। उस समय क्रिकेट को लेकर ज्यादा नियम भी नहीं थे। गेंद को ढूंढने में फील्डर्स लग गए। इसका फायदा बल्लेबाजों ने उठाया। उन्होंने 286 रन दौड़कर पूरा कर लिए। इसे देखकर सभी हैरान थे। दोनों बल्लेबाज ने 286 रन के लिए क्रीज पर 6 किलोमीटर दौड़े।
उस समय के अंग्रेजी अखबार पॉल मॉल गेजेट (Pall Mall Gazette) ने इस खबर को स्पोर्ट्स पेज पर प्रमुखता से छापा था। इस खबर का इकलौता सोर्स भी वही अखबार है। पेड़ पर गेंद अटकने के बाद गेंदबाजी करने वाली टीम ने अंपायर से अपील की। उन्होंने कहा कि इस गेंद को खोया हुआ घोषित कर दिया जाए। ऐसा होने पर बल्लेबाजी कर रहे दोनों खिलाड़ी रन नहीं ले सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
अंपायरों ने गेंदबाजी करने वाली टीम की अपील को खारिज कर दिया। दरअसल, गेंद को दोनों अंपायरों के साथ कई लोगों को दिखाई दे रही थी। जब तक उसे उतारा जाता तब तक बल्लेबाजों ने 286 रन बना लिए। गेंदबाजी करने वाली टीम ने नाराजगी भी जताई, लेकिन अंपायर अपने फैसले पर कायम रहे। गेंद दिखने की स्थिति में उसे खोया हुआ घोषित करना गलत होता।