प्रो कुश्ती लीग (PWL) का छठा सत्र 2027 में 9 से 26 जनवरी तक केडी सिंह जाधव कुश्ती एरेना में खेला जायेगा। इसमें 86 पहलवान भाग लेंगे। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) की लीग में छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। इनमें पुरुषों की पांच और महिलाओं की चार ओलंपिक भारवर्ग स्पर्धाएं होंगी। लीग के लॉन्च के दौरान शुक्रवार (10 सितंबर) को भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों के अवधारणा में बदलाव की बात कही।
बृजभूषण ने कहा कि पहले विदेशी नामों का हौआ हुआ करता था। भारतीय पहलवान जहाज में बैठने के लिए जाते थे। अब स्थिति बदली है और ओलंपिक पदक जीतना लक्ष्य होता है। एशियाई खेलों में पहलवानों के प्रदर्शन पर कहा कि 6 नहीं 8 पदकों की उम्मीद थी। इसके अलावा उन्होंने गोल्ड जीतने वाले पहलवानों को 10 लाख, सिल्वर जीतने वालों को 7 लाख और ब्रॉन्ज जीतने वालों को 5 लाख रुपये देने का आग्रह डब्ल्यूएफआई से किया।
क्या बोले बृजभूषण
बृजभूषण ने कहा, ‘लीग 2015 में शुरू हुई थी। कुछ कारणों से आगे चल करके बंद हो गई, कोरोना काल में और फिर कुछ दिन तक बंद रही। पिछले साल इसकी शुरुआत फिर हुई। ये हमारे जो टीम ओनर हैं, ये बधाई के पात्र हैं। भले हमने प्रयास किया हो, लेकिन आप लोगों का बहुत सहयोग है।’
भारतीय कुश्ती को फायदा
बृजभूषण ने कहा, ‘इस लीग से हमारे भारतीय कुश्ती को बहुत फायदा हुआ। विस्तार में जाने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन पहले एक समय था, जब हम विदेशी पहलवानों का नाम छोड़ दो, उनके देश का नाम आने पर ही हमारे ऊपर मनोवैज्ञानिक दबाव होता था। कुछ खिलाड़ी तो इसलिए जाते थे कि जहाज पर बैठ लें और नाम के आगे इंटरनेशनल लिखा जाए, लेकिन सबसे पहले महाराष्ट्र के के. डी. जाधव लाए थे, उसके बाद सूखा पड़ गया।’
कुश्ती से मेडल मिलना ही चाहिए
बृजभूषण ने कहा, ‘फिर संयोग कहिए 2008 से ये सूखा टूटा। सूखा तोड़ने का काम किया सुशील कुमार ने, सूखा तोड़ने का काम किया योगेश्वर दत्त ने और ये सिलसिला फिर चल पड़ा। आज देश का जो मूड है, वो किसी से मेडल मिले या न मिले, कुश्ती से मिलना चाहिए। ऐसा एक फैशन बन चुका है कि कुश्ती से मेडल मिलना ही चाहिए।’
हिंदुस्तान का हर रेसलर ओलंपिक मेडल के लिए खेलता है
बृजभूषण ने कहा, ‘प्रसन्नता ये है कि हमारे जो रेसलर हैं इन्होंने 2008 से जो सिलसिला शुरू हुआ… नरसिंह यादव भी यहां पर बैठे हैं, ओलम्पियन हैं… बहुत अच्छे रेसलर रहे हैं। उस प्रकरण में जाने की आवश्यकता नहीं है, नहीं तो आज हमारे पास सिल्वर या गोल्ड नाम का एक मेडल और होता, लेकिन कोई बात नहीं है। तो हमारे जो रेसलर हैं, इन्होंने निराश नहीं किया। अब हिंदुस्तान का हर रेसलर ओलंपिक मेडल के लिए खेलता है। चाहे भले वो एशिया का मेडल न ला पाए, कॉमनवेल्थ का मेडल न ला पाए, नेशनल में मेडल न ला पाए, लेकिन हमारे देश के जो पहलवान हैं और पहलवानों के जो माता-पिता हैं, उनसे किसी से भी पूछिए आप कि आप क्या चाहते हैं, तो हर माता-पिता और हर रेसलर यही कहता है कि हमें ओलंपिक में मेडल लेकर के आना है। ये सोच बदली है।’
हम कम से कम 8 मेडल के हकदार थे
बृजभूषण ने कहा, ‘कहते हैं कि आज हम वही हैं जो हमने सोचा था। ये आप सब लोग भी वही हैं जो आपने सोचा था। आगे आप वही होंगे जो आज सोच रहे हैं। इसमें प्रकृति भी, ईश्वर भी हमारी मदद करता है। अगर आज हमारे इस देश के रेसलर, बेटे और बेटियां ये सोच रहे हैं कि हम ओलंपिक में मेडल लेकर के आएंगे, तो प्रकृति भी, ईश्वर भी उनकी मांग को पूरा करेगा और मेडल लेकर के आएंगे। ये बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा, लेकिन मैं संतुष्ट नहीं हुआ। हम 6 मेडल के हकदार नहीं थे, हम कम से कम 8 मेडल के हकदार थे। ‘
फेडरेशन की काउंटिंग में 8 मेडल था
बृजभूषण ने कहा, ‘हमारी काउंटिंग में, फेडरेशन की काउंटिंग में 8 मेडल था। अब हो जाता है कभी-कभी चूक, कभी ऐसा समय आ जाता है, लेकिन आज मैं आप लोगों को धन्यवाद देता हूं। खिलाड़ियों से कहना चाहता हूं कि 2 साल का समय है। देश आपके ऊपर गर्व करता है। हम भी आपके ऊपर गर्व करते हैं। योगेश्वर दत्त, नरसिंह जैसे रेसलर यहां पर बैठे हैं, वो भी आपके ऊपर गर्व करते हैं। तो अब हमें ये 6 का सिलसिला और 3 का सिलसिला समाप्त करने का समय आया है, और हमें आगे बढ़ना चाहिए।’
ओलंपिक पर की तैयारी
बृजभूषण ने ओलंपिक को लेकर कहा, ‘2 साल का समय है हमारे पास, डेढ़-दो साल का समय है। इस समय सरकार के तरफ से भी हर तरह की सुविधा मुहैया कराया जा रहा है। फेडरेशन भी आपके साथ है। अच्छे से अच्छे कोच, अच्छे से अच्छे ट्रेनर आपके लिए व्यवस्था की गई है। और अगर आप सोचेंगे, तो कामयाब होंगे, हमारा विश्वास है।’
एशियाई खेलों के पदक विजेताओं के लिए इनाम
बृजभूषण ने कहा, ‘साथ ही साथ ये जो गोल्ड मेडल लेकर के खिलाड़ी आए हैं… ये आज चाहे आप फेडरेशन के तरफ से समझ लो, चाहे आप प्रो रेसलिंग लीग के तरफ से समझ लो… हम प्रत्येक गोल्ड मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को चाहेंगे कि 10 लाख रुपये मिले। हम ये भी चाहेंगे कि सिल्वर को कम से कम 7 लाख रुपये मिले। जो ब्रॉन्ज मेडल लेकर के आए हैं, उनको 5 लाख रुपये मिले।’
पहलवानों का आना और सूखे-सूखे जाना अच्छा नहीं लगता
बृजभूषण ने कहा, ‘हमारा सपोर्टिंग स्टाफ है, जिसमें कोच हैं, मसाजर हैं… काफी लंबा सपोर्टिंग स्टाफ होता है… उनको भी कुछ आर्थिक सम्मान के रूप में दिया जाए, ऐसी हमारी कामना है। हमारे कुश्ती संघ के नए सीईओ साहब यहां पर विराजमान हैं। तोमर जी (डब्ल्यूएफआई के पूर्व सचिव विनोद तोमर), हमारे ट्रेजरार यहां पर देशवाल साहब (सत्यपाल सिंह देशवाल) विराजमान हैं। तो चूंकि भाई, मैं तो भूत-प्रेत हो चुका हूं, इसलिए आग्रह ही कर सकता हूं। मुझे उम्मीद है कि आप मेरे आग्रह को स्वीकार करेंगे, क्योंकि ये पहलवानों का आना और सूखे-सूखे जाना अच्छा नहीं लगता है।
बृजभूषण शरण सिंह को जवाब दाखिल करने के लिए मिला समय
बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चार महिला पहलवानों की अपील पर दिल्ली की अदालत में शुक्रवार को सुनवाई हुई। अदालत ने डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष को जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को होगी। दिल्ली पुलिस ने भी कहा कि बरी किये जाने के फैसले के खिलाफ अपील करने पर अभी निर्णय नहीं लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें।
