अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में काफी निराश करने वाला प्रदर्शन किया था, लेकिन फाइनल में उनकी बल्ले से शानदार पारी निकली और उन्होंने 21 गेंदों पर 52 रन बनाए। अभिषेक ने टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई और इससे भारत का स्कोर 253 रन तक पहुंचा था। अभिषेक के प्रदर्शन पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ब्रैड हैडिन ने कमेंट किया और उन्हें रास्कल बताया।
अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप में भले ही खराब रहा हो, लेकिन उन्होंने टी20आई बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपना नंबर 1 पोजीशन बनाए रखा है। अब आईपीएल 2026 में वो सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। आईपीएल 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रैड हैडिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुए।
अभिषेक जैसे प्लेयर बड़े मैचों में बन जाते हैं रास्कल
विलो टॉक क्रिकेट पॉडकास्ट पर बात करते हुए ब्रैड हैडिन ने कहा कि मुझे लगता है कि इस भारतीय टीम की एक खासियत यह है कि टूर्नामेंट में सही समय पर अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में आना जो बहुत जरूरी होता है और फाइनल में भारत ने ठीक यही किया। आप देखिए कि बुमराह ने किस तरह खेला और आप यही चाहेंगे कि आपके सुपरस्टार्स ऐसे अहम मौकों पर पूरी तरह से छा जाएं।
हैडिन ने आगे कहा कि मैं अभिषेक का बहुत बड़ा फैन हूं और पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनकी पोजिशन को लेकर काफी चर्चा हुई। पूल गेम्स में वे कुछ बार डक पर आउट हुए और अचानक आपको लगने लगता है कि वे दबाव में हैं, लेकिन बड़े मौकों पर आप ऐसे ही खिलाड़ियों को अपनी टीम में चाहते हैं, क्योंकि वे बड़े रास्कल यानी बिंदास (बेपरवाह) होते हैं और मुश्किल से मुश्किल हालात का भी डटकर सामना करते हैं।
हैडिन ने फिर कहा कि अभिषेक शर्मा ठीक यही करते हैं और वे विरोधी टीम पर दबाव बनाते हैं साथ ही जिस अंदाज में उन्होंने फाइनल मैच में बल्लेबाजी की उसने पूरे मैच का माहौल ही बदल दिया। आपको बता दें कि अभिषेक शर्मा ने 8 पारियों में केवल 141 रन बनाए और उनका औसत 17.63 रहा और उन्होंने दो अर्धशतक लगाए। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए बल्ले से यह वर्ल्ड कप भुला देने जैसा रहा हालांकि आखिर में वह विजेता टीम का हिस्सा बने। अभिषेक ने फाइनल में न्यूजीलैंड की पारी का आखिरी विकेट भी चटकाया जिससे भारत को अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब मिला।
ये खबरें भी पढ़ें
गेल-डुप्लेसिस ओपनर, कोहली नंबर 3; दिनेश कार्तिक ने चुनी RCB की ऑल-टाइम प्लेइंग 11, एबी को भी दी जगह
