बांग्लादेश प्रीमियर लीग (Bangladesh Premier League) के 8वें मुकाबले में कोमिला विक्टोरियंस ने फॉर्च्यून बारीशल को 63 रन से हराया। बांग्लादेश प्रीमियर लीग 2022 में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड चट्टोग्राम चैलेंजर्स के नाम था। उसने 22 जनवरी 2022 को खेले गए मैच में मिनिस्टर ग्रुप ढाका को 30 रन से हराया था।
क्रिस गेल, डीजे ब्रावो टी20 सितारों से सजी टीम फॉर्च्यून बारीशल को हराने में कोमिला विक्टोरियंस के स्पिनर नहीदुल इस्लाम ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 4 ओवर में 5 रन देकर 3 विकेट लिए। वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में चौथे नंबर पर पहुंच गए। उनके 2 मैच में 5 विकेट हैं। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए।
ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में फॉर्च्यून बारीशल ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोमिला विक्टोरियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फॉर्च्यून बारीशल 17.3 ओवर में 95 रन पर ढेर हो गई।
नहीदुल इस्लाम ने फॉर्च्यून बारीशल के कप्तान शाकिब अल हसन, क्रिस गेल और ओपनर शौकत अली के विकेट लिए। फॉर्च्यून बारीशल के सिर्फ 3 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। ओपनर नजमुल हुसैन शांतो ने 47 गेंद में 36 रन बनाए। तौहीद हृदय ने 14 गेंद में 19 रन की पारी खेली।
विकेटकीपर नूरुल हसन ने 14 गेंद में 17 रन बनाए। फॉर्च्यून बारीशल के 4 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। इसमें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा रहे डीजे ब्रावो भी शामिल हैं।
ब्रावो ने हालांकि, इससे पहले गेंदबाजी में जलवा दिखाया था। उन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर कोमिला विक्टोरियंस के 3 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई थी। कोमिला विक्टोरियंस के शोहिदुल इस्लाम ने 22, तनवीर इस्लाम ने 19 और करीम जानत ने 26 रन देकर 2-2 विकेट लिए। मुस्तफिजुर रहमान भी एक विकेट लेने में सफल रहे।
इस जीत के बाद फॉफ डुप्लेसिस की टीम कोमिला विक्टोरियंस बांग्लादेश प्रीमियर लीग 2022 की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई। उसके 2 मैच में 4 अंक हैं। चट्टोग्राम चैलेंजर्स दूसरे और सिलहट सनराइजर्स तीसरे नंबर पर है। खुलना टाइगर्स ने 2 में से एक मैच में जीत हासिल की है। उसके भी 2 अंक हैं। वह चौथे नंबर पर है।