भारतीय जनता पार्टी की सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो बास्केटबॉल खेलती हुई नजर आ रही हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वो कोर्ट पर एक प्रोफेशनल खिलाड़ी के तौर पर नजर आईं। पिछले कई महीनों से व्हीलचेयर पर दिखने वालीं साध्वी प्रज्ञा एकदम फिट खिलाड़ी की तरह बास्केटबॉल खेल रही थीं। इस पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि हाल ही में वो व्हीलचेयर भी थी। अब बास्केटबॉल कैसे खेल रहीं।
दरअसल, गुरुवार (01 जुलाई) को साध्वी प्रज्ञा शक्ति नगर स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में एक कार्यक्रम के लिए पहुंची थीं। कार्यक्रम के बाद वहां स्थित खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए वो बास्केटबॉल कोर्ट में उतर गईं। उनका वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस के स्थानीय नेता नरेंद्र सलूजा ने तंज कसा है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले तक साध्वी प्रज्ञा व्हीलचेयर पर चल रही थीं। ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थीं और अब बास्केटबॉल खेल रही हैं।
भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी ठाकुर को अभी तक व्हील चेयर पर ही देखा था लेकिन आज उन्हें भोपाल में स्टेडीयम में बास्केट बॉल पर हाथ आज़माते देखा तो बड़ी ख़ुशी हुई…
अभी तक यही पता था कि किसी चोट के कारण वो ठीक से खड़ी और चल फिर भी नही सकती है…?
ईश्वर उन्हें हमेशा स्वस्थ रखे.. pic.twitter.com/UQrmsXkime
— Narendra Saluja (@NarendraSaluja) July 1, 2021
नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर लिखा, ‘‘भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी ठाकुर को अभी तक व्हील चेयर पर ही देखा था लेकिन आज उन्हें भोपाल में स्टेडियम में बास्केटबॉल पर हाथ आज़माते देखा तो बड़ी खुशी हुई। अभी तक यही पता था कि किसी चोट के कारण वो ठीक से खड़ी और चल फिर भी नही सकती है…? ईश्वर उन्हें हमेशा स्वस्थ रखे..।’’
कांग्रेस के अलावा कई अन्य लोगों ने वीडियो को देखकर अपनी प्रतिक्रिया दी। एबीपी न्यूज के इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति ने कमेंट में लिखा, ‘‘कोर्ट में जाने के लिए व्हीलचेयर पर सवार हो जाती है। ऑक्सीजन लेवल 45 आ जाता है।’’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘‘व्हील चेयर वाला भी वीडियो देखा है हमने एयरपोर्ट वाला।’’ एक यूजर ने लिखा, ‘‘ढोगी हैं विलचेयर तो बहाना है राजनिति के लिए।’’