खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार में चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। पटना में 1 अक्टूबर और 5 अक्टूबर 2026 को दो अलग-अलग गुटों ने चुनाव कराकर अपनी-अपनी कार्यकारिणी घोषित कर दी। अब दोनों कार्यकारिणियों की मान्यता पर फैसला भारतीय खो-खो महासंघ (KKFI) को करना है।
महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल के मुताबिक, बिहार एसोसिएशन से दस्तावेज मिलने के बाद KKFI की स्टैंडिंग कमेटी तय करेगी कि किस चुनाव में तय प्रक्रिया का पालन किया गया। चुनाव कराने के अधिकार और 25 सितंबर को जारी एक पत्र को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद सामने आया है।
25 सितंबर का पत्र केकेएफआई (KKFI) के महासचिव उपकार सिंह विर्क के नाम और हस्ताक्षर से जारी किया गया था। इसमें एक अक्टूबर को खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार चुनाव के लिए तीन सदस्यीय चुनाव निगरानी और पर्यवेक्षण समिति (EMC) का गठन किया गया था।
समिति में मधुसूदन सिंह, प्रद्युमन मिश्रा और कमलेश चटर्जी को शामिल किया गया था। पत्र के सार्वजनिक होने के बाद भारतीय खो-खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने 28 सितंबर को स्पष्टीकरण जारी किया।
सुधांशु मित्तल ने 25 सितंबर के पत्र को अनधिकृत करार देते हुए कहा कि केंद्रीय संघ के डिस्पैच रजिस्टर में इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है। सुधांशु मित्तल ने जनसत्ता से बातचीत में स्पष्ट किया कि पत्र अनधिकृत था, क्योंकि उस पर कोई डायरी नंबर नहीं था।
इसके बाद पटना में एक अक्टूबर को चुनाव कराए गए। रिटर्निंग ऑफिसर एडवोकेट नीलिमा सिन्हा ने फॉर्म-14 जारी कर परिणाम घोषित किये। इसमें शशि भूषण प्रसाद अध्यक्ष, नीरज कुमार महासचिव और संजय कुमार सिन्हा कोषाध्यक्ष चुने गए।
उपकार सिंह विर्क ने जनसत्ता को बताया कि महासचिव के तौर पर उनके ओर से जारी पत्र अनधिकृत कैसे हो सकता है। उन्होंने एक अक्टूबर को पटना में हुए चुनाव को पूरी तरह वैध और केकेएफआई के नियमों के अनुसार बताया। साथ ही पांच अक्टूबर को हुए दूसरे चुनाव को अवैध करार दिया और सदस्यों को महासंघ से सम्बद्ध नहीं होने की बात कही।
इस पर सुधांशु मित्तल ने कहा कि जब खो खो एसोसिएशन ऑफ बिहार अपने दस्तावेज भेजेगी तब महासंघ की स्टैंडिंग कमेटी तय करेगी कि कौन सा चुनाव सही प्रक्रिया के तहत हुआ है। उसी को आगे मान्यता और एसोसिएशन का जिम्मा सौंपा जाएगा।
सुधांशु मित्तल ने यह भी कहा कि जो पत्र जारी हुआ था। वह रिकॉर्ड में नहीं था। इस कारण महासंघ FIR नहीं कराएगा। महासंघ में कामकाज में हो रहे तकरार को लेकर सुधांशु मित्तल ने कहा कि इतनी बड़ी व्यवस्था है, तो थोड़ा विचारों को लेकर मतभेद हो जाता है, लेकिन यह सब व्यवस्था के तहत दुरुस्त रहता है। यह इतनी बड़ी बात नहीं है।
एक अक्टूबर 2026 को हुए चुनाव में चुने गए पदाधिकारी
- अध्यक्ष: शशि भूषण प्रसाद
- उपाध्यक्ष: अरविंद कुमार सिंह, कुमार आदित्य और एकता कुमारी
- महासचिव: नीरज कुमार
- संयुक्त सचिव: गौरव कुमार सिंह, राकेश रंजन कुमार और ज्योति श्रीवास्तव
- कोषाध्यक्ष: संजय कुमार सिन्हा
- कार्यकारिणी सदस्य: रजनी सिंह, सोनाली मुखर्जी, अनुराग सिंह, एकता कुमारी, प्रीत प्रसाद (OSP) और मनाली (OSP)
पांच अक्टूबर 2026 को हुए चुनाव में चुने गए पदाधिकारी
- अध्यक्ष: विशाल सिंह
- महासचिव: जितेंद्र कुमार
- कोषाध्यक्ष: कौशल किशोर
- उपाध्यक्ष: अमरनाथ प्रताप सिंह, आशुतोष कुमार, मोहम्मद हलीम।
- संयुक्त सचिव: पंकज कुमार, नवीन कुमार, अमृता आनंद।
- कार्यकारिणी सदस्य: मिथिलेश कुमार सिंह, रिंकी कुमारी, मोहम्मद सद्दाम, मोनिका, विकास कुमार राहुल।
भारत में होगी पहली राष्ट्रमंडल खो खो चैंपियनशिप, ओलंपिक और एशियाड में शामिल कराने पर है नजर
राष्ट्रमंडल खो खो चैंपियनशिप में पुरुषों की 16 और इतनी ही महिलाओं की टीम हिस्सा लेंगी। यह टूर्नामेंट इस साल जनवरी में दिल्ली में हुए पहले खो खो विश्व कप की तरह होगा, जिसमें 23 देशों ने हिस्सा लिया था। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
