भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी क्या न्यूजीलैंड दौरे के साथ ही खत्म हो गई है? पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की टिप्पणी से ऐसे सवाल उठने लगे हैं।

चार साल बाद टीम इंडिया में लौटे भुवनेश्वर कुमार न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। रविचंद्रन अश्विन ने उनके प्रदर्शन और गेंदबाजी की लय पर निराशा जताई।

अश्विन ने कहा कि शायद अब उनकी वापसी का अध्याय बंद हो गया है। अश्विन ने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को टीम इंडिया में वापसी का बेहतर विकल्प बताया। अश्विन का मानना है कि भुवनेश्वर कुमार की वापसी का अध्याय शायद न्यूजीलैंड दौरे के साथ शुरू हुआ और खत्म भी हो गया।

राष्ट्रीय टीम में वापसी करने वाले 36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार को मुख्य तेज गेंदबाज की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें यह मौका पिछले दो सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल में किये गए उनके बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर मिला था।

हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज में भुवनेश्वर का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने चार मैचों में खेलते हुए 11.50 की बहुत खराब इकॉनमी के साथ केवल चार विकेट लिए। भारत ने यह सीरीज 3-2 से जीती।

अश्विन ने कहा कि उनके पूर्व राष्ट्रीय टीम साथी को लगातार मौके मिलने के बावजूद अपनी फॉर्म साबित करने में नाकाम रहे। अश्विन ने कहा, ‘‘भुवनेश्वर कुमार ने उतनी अच्छी गेंदबाजी नहीं की। वह अपनी फॉर्म साबित नहीं कर पाए।’’

रविचंद्रन अश्विन ने कहा, ‘‘उनकी IPL वाली फॉर्म और यहां (न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज) की फॉर्म में जमीन-आसमान का अंतर था। मुझे लगता है कि वह अध्याय शायद अब बंद हो चुका है। यह बहुत मुश्किल है। वह वापसी कैसे करेंगे?’’

अश्विन ने अफसोस जताया कि भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी में वह तीव्रता नहीं दिखी, जिसकी बदौलत वह 2025 से IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर रहे थे।

अश्विन ने समझाते हुए कहा, ‘‘प्रदर्शन या अतिरिक्त रन देने की बात छोड़िए, बात वह नहीं है। निराशाजनक यह था कि IPL में वह जिस तरह की गेंदबाजी करते हैं, वह तीव्रता, उनके रन-अप की गति और उनकी गेंदबाजी की रफ्तार इस बार कम थी।’’

अश्विन ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि शायद वह इस सीरीज के लिए पूरी तरह से तैयार होकर नहीं आये थे। अगर ऐसी स्थिति है तो चयनकर्ता भी सोचेंगे कि क्या यही तरीका है? अगर आप नए या युवा खिलाड़ी होते तो आपको 10 मौके मिल सकते थे, लेकिन आप अनुभवी हैं जो वापसी कर रहे हैं।’’

मोहम्मद शमी पर नजर

अश्विन ने कहा कि चयनकर्ता अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर विचार कर सकते हैं, जो रणजी ट्रॉफी में लगातार गेंदबाजी कर रहे हैं और भारतीय टीम में वापसी कर सकते हैं। मोहम्मद शमी ने अब तक तीन मैचों में 12 विकेट लिए हैं।

रविचंद्रन अश्विन ने कहा, ‘‘अभी मुझे लगता है कि जिस तरह से मोहम्मद शमी रणजी ट्रॉफी में गेंदबाजी कर रहे हैं, उसे देखते हुए वह (भुवनेश्वर की तुलना में) कहीं बेहतर लय में हैं।’’

विराट के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 7 रिकॉर्ड बनाने का मौका, सचिन तेंदुलकर से निकल सकते हैं आगे

भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में विराट कोहली लिस्ट ए में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। उन्हें वनडे रन-चेज में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए 54 रन और चाहिए। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)