साक्षी राज। रार टाइगर्स ने रविवार 21 जून 2026 की रात कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए फाइनल मैच में स्मैशर्स माल्दा को नौ रन से हराकर पहली बार बंगाल टी20 लीग का खिताब जीत लिया। रार टाइगर्स की जीत में उनके कप्तान शहबाज अहमद की अहम भूमिका रही। शहबाज अहमद ने 46 गेंद में 7 चौके और 6 छक्के की मदद से 88 रन की नाबाद पारी खेली। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। उनके अलावा गौरव चौहान ने 30 गेंद में 1 चौके और 5 छक्के की मदद से 55 रन बनाए।

रार टाइगर्स और स्मैशर्स माल्दा का मैच बारिश के कारण दो बार रोकना पड़ा। पहली बार मैच रोकने के बाद मुकाबला 15-15 ओवर का किया गया। बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर रार टाइगर्स ने 15 ओवर में 4 विकेट पर 165 रन बनाए। स्मैशर्स माल्दा की बल्लेबाजी के दौरान फिर से बारिश आ गई। इस कारण मैच को 15 से घटाकर नौ ओवर का कर दिया गया और स्मैशर्स माल्दा को जीत के लिए 107 रन का लक्ष्य मिला।

स्मैशर्स माल्दा नौ ओवर में 5 विकेट पर 97 रन ही बना पाई। रार टाइगर्स के सुखमीत सिंह ने दो विकेट लिए। राजू हल्दर और रोहित कुमार भी 1-1 विकेट लेने में सफल रहे। स्मैशर्स माल्दा की ओर से अभिमन्यु ईश्वरन ने 22 गेंदो में 38 रनों की पारी खेली। रार टाइगर्स के कप्तान शहबाज अहमद का बंगाल टी20 लीग में बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला।

शहबाज अहमद 319 रन बनाकर लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स के करण लाल 396 रन के साथ पहले स्थान रहे। शहबाज अहमद ने बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी उम्दा प्रदर्शन किया। वह सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 5वें स्थान पर रहे। इस सूची में सूरज सिंधु जायसवाल शीर्ष पर रहे। दूसरे नंबर पर प्रयास राय बर्मन, तीसरे पर इशान पोरेल और चौथे नंबर पर रोहित कुमार रहे।

Jansatta Opinion: वैभव को किसकी कीमत पर मिलेगी प्लेइंग 11 में जगह? अभिषेक या संजू, फैसला आसान नहीं

श्रीलंका में ट्राई-नेशन वनडे ए सीरीज 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में एंट्री के लिए तैयार हैं। हालांकि, सवाल यह है कि उनकी जगह कौन छोड़ेगा? अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के टी20 आंकड़े बताते हैं कि यह मुकाबला सिर्फ नामों का नहीं, बल्कि भूमिका और टीम संतुलन का है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)