ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट के तीसरे दिन यानी 7 जनवरी 2022 को एक अजीब वाकया देखने को मिला। स्टम्प पर गेंद लगने के बावजूद बेन स्टोक्स आउट नहीं हुए। यह देख स्टोक्स के साथ-साथ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी हैरान रह गए।
दरअसल, स्टोक्स जब 16 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब कैमरन ग्रीन ओवर करने आए। उनकी एक गेंद स्टोक्स के ऑफ स्टंप से टकराई, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से बेल्स नहीं गिरीं। हालांकि, अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया। इस पर बेन स्टोक्स ने रिव्यू लिया।
वीडियो रीप्ले में पता चला कि कैमरन ग्रीन की गेंद बल्लेबाज के ऑफ स्टंप से टकराई थी। नियमानुसार विकेट पर गेंद लगने के बाद यदि बेल्स नहीं गिरती हैं तो अंपायर बल्लेबाज को आउट नहीं दे सकता। इस तरह बेन स्टोक्स को जीवनदान मिला।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को यकीन नहीं हुआ। उन्होंने स्टंप्स को भी हिलाकर देखा। शायद वह यह यकीन करना चाहते थे कि कहीं स्टंप्स में तो कुछ गड़बड़ तो नहीं है। उस समय शेन वॉर्न कॉमेंट्री कर रहे थे। उन्हें यह देखकर बहुत हैरानी हुई कि बिना बेल्स गिरे अंपायर ने आखिर अंगुली कैसे उठा दी? उन्होंने कहा, ‘क्या उन्हें आउट दिया गया था? यह कैसी हैरानी की बात है?’
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘क्या गेंद के विकेट पर लगने और बेल्स नहीं गिरने के बाद नया नियम लाना चाहिए हिटिंग द स्टंप? आप क्या सोचते हैं दोस्तों? गेंदबाजों के प्रति निष्पक्ष रहें!’ सचिन ने इस पोस्ट में शेन वॉर्न को भी टैग किया।
भारतीय विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘जब आप अपने ऑफ स्टंप के बारे में आश्वस्त हों और आपका ऑफ स्टंप आपके बारे में आश्वस्त हो।’ कार्तिक ने इसके बाद उन्होंने एक आंख बंद और जीभ बाहर निकली हुई वाली इमोजी पोस्ट की।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज 2021-22 के चौथे टेस्ट में बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो ने इंग्लैंड को फॉलोऑन से बचाया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट पर 416 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी।
इंग्लैंड ने पहली पारी में 21.5 ओवर में 36 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बेन स्टोक्स और बेयरस्टो ने पांचवें विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी की। स्टोक्स 66 रन बनाकर आउट हुए। बेयरस्टो 103 रन बनाकर नाबाद हैं।