वनडे विश्व कप में अभी एक साल का समय है, लेकिन भारत के 20 संभावित खिलाड़ियों का अनुमान लगाया जा चुका है और पांचों राष्ट्रीय चयनकर्ता 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में इन खिलाड़ियों पर नजर रखेंगे । बीसीसीआई के एक सूत्र ने शुक्रवार को पीटीआई को यह जानकारी दी। अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति में शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और प्रज्ञान ओझा हैं। चयन समिति मुल्लांपुर में छह से 10 जून तक अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिये भी प्रमुख टीम उतारेगी। हालांकि, इस मैच से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक नहीं मिलने हैं।
विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में 2027 अक्टूबर नवंबर में होगा। चयन समिति के सदस्य अपने अपने बेस में मैचों के दौरान मौजूद रहेंगे जबकि बाकी मैच टीवी पर देखेंगे। आईपीएल के पहले मैच में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। सीनियर अधिकारियों ने इन अटकलों को भी खारिज किया कि टी20 विश्व कप जीतने के बाद अगरकर ने अपना कार्यकाल 50 ओवरों के विश्व कप तक बढाने की मांग की है।
अजीत अगरकर की बीसीसीआई से नहीं हुई बात
बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने कहा ,’चयन समिति बीसीसीआई की एक उप समिति है और चयनकर्ताओं का अनुबंध इस साल सितंबर तक है। अजीत का करार सितंबर में खत्म हो रहा है, जिसके बाद बीसीसीआई सचिव और अजीत तय करेंगे कि वह अगले साल वनडे विश्व कप तक रहेंगे या नहीं। एक सीनियर चयनकर्ता चार साल तक पद पर रह सकता है और उसे करार बढाने का अनुरोध करने की जरूरत नहीं है।’
अगरकर 2023 में बने थे मुख्य चयनकर्ता
अगरकर जुलाई 2023 में चयन समिति के अध्यक्ष बने थे और उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के संन्यास के बाद टेस्ट और टी20 में बदलाव का दौर देखा है। अगरकर मुंबई में रहते हैं जबकि दास कोलकाता के रहने वाले हैं। आरपी और रात्रा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहते हैं जबकि ओझा अपने हिस्से के आईपीएल मैच बेंगलुरू और हैदराबाद में देखेंगे।
वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी
सदस्य: शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा, प्रज्ञान ओझा
अनुबंध: सितंबर 2025 तक
20 खिलाड़ियों को तलाशने पर नजर
अधिकारी ने कहा ,’बीसीसीआई चाहता है कि हर चयनकर्ता कम से कम हर सप्ताह एक मैच देखे जिससे पांच मैच प्रति सप्ताह हो जायेंगे। इसके अलावा टीवी पर मैच देख सकते हैं।’ टी20 विश्व कप 2028 और उसी साल ओलंपिक को देखते हुए इस साल आईपीएल में उन 20 खिलाड़ियों को तलाशने पर नजर होगी, जो 50 ओवरों का विश्व कप खेलेंगे।
अफगानिस्तान के खिलाफ खिलाड़ियों को आराम नहीं
चयन समिति के 6 से 10 जून तक मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए टीम से समझौता करने की भी संभावना नहीं है। जानकारी के अनुसार अगस्त और मार्च के बीच नौ टेस्ट खेले जाने हैं। इसलिए टेस्ट क्रिकेट के सभी प्रमुख खिलाड़ी मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसमें फ्रंट-लाइन बॉलर बुमराह और सिराज भी शामिल हैं। अगर आईपीएल के दौरान कोई दिक्कत नहीं होती तो वे अफगानिस्तान के खिलाफ टीम का हिस्सा होंगे। बीसीसीआई के सूत्र ने कहा, ‘भारत का टेस्ट प्रयोग के लिए नहीं है। उसके लिए, आपके पास इंडिया ए के शैडो टूर हैं। अभी तक टेस्ट में बुमराह, सिराज और प्रसिद्ध सिलेक्टर्स के रडार पर टॉप तीन बॉलर हैं।’
यह भी पढ़ें: 2027 तक भारत के चयनकर्ता बने रहना चाहते हैं अगरकर, क्या बीसीसीआई फिर बढ़ाएगा कार्यकाल?
