आईपीएल 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर को लेकर एक विवाद खड़ा हो चुका है। दरअसल मैच के बीच डगआउट में बैठकर उनके फोन चलाने के मुद्दे ने तूल पकड़ा और अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी उनके लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नए अपडेट के मुताबिक बोर्ड ने 48 घंटे में फ्रेंचाइजी के मैनेजर से जवाब मांगा है।
क्रिकबज के मुताबिक बीसीसीआई ने गुवाहाटी में आरसीबी के खिलाफ मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर के फोन चलाने के मामले पर कारण बताओ नोटिस सोमवार (13 अप्रैल को) जारी किया है। बोर्ड की एंटी करप्शन सेक्योरिटी यूनिट (ACSU) ने अगले 48 घंटे में भिंडर से जवाब मांगा है।
क्या मेडिकल रीजन से किया फोन का इस्तेमाल?
इसी बीच एक नई रिपोर्ट सामने आई है जिसके मुताबिक यह पूरा मामला रोमी भिंडर के मेडिकल कारणों से जुड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार भिंडर के दोनों फेफड़े सिकुड़ चुके हैं। इसी कारण उन्हें लगातार मेडिकल देखरेख की जरूरत रहती है। इसके चलते वह नागपुर के हॉस्पिटल में एडमिट भी रह चुके हैं।
वहीं यह भी पता चला कि उनका इस कारण इधर 10 किलो वजन भी गिरा है, वह ज्यादा दौड़-भाग नहीं कर सकते, सीढ़ियां नहीं चढ़ सकते। उन्हें नियमों की जानकारी है और इसको जानते हुए उन्होंने सिर्फ स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए फोन का इस्तेमाल किया।
क्या है फोन इस्तेमाल करने का नियम?
आईपीएल के प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) प्रोटोकॉल के तहत टीम मैनेजर को ड्रेसिंग रूम के अंदर फोन का इस्तेमाल करने की अनुमति है। जबकि मैच के बीच सिर्फ टीम के एनालिस्ट ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग कर सकते हैं। यानी डगआउट में किसी भी अन्य टीम ऑफिशियल को मैच के बीच फोन चलाने या लैपटॉप यूज करने की अनुमति नहीं होती है।
इस लिहाज से नियम का उल्लंघन तो हुआ है, अगर इसमें स्वास्थ्य संबंधी कोई एंगल आता है तो इसमें बीसीसीआई क्या कदम उठाती है यह देखने वाली बात होगी। अगले 48 घंटों के अंदर रोमी भिंडर का क्या जवाब इस नोटिस पर जाता है, उसके ऊपर भी बहुत कुछ निर्भर करेगा।
IPL में विवाद: डगआउट में मोबाइल इस्तेमाल करते दिखे राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर, जांच में जुटा BCCI
राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में मोबाइल इस्तेमाल करते नजर आए। इसके बाद IPL में नया विवाद खड़ा हो गया है। BCCI अब पूरे मामले की जांच कर रही है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
