भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी गाइडलाइंस साफ कर दी हैं। टूर्नामेंट के दौरान भारतीय क्रिकेटरों के साथ उनके परिवार (पार्टनर और बच्चे) टीम होटल में नहीं रह सकेंगे। टीम मैनेजमेंट की ओर से इस मुद्दे पर स्पष्टता मांगे जाने के बाद बीसीसीआई ने निर्देश जारी किया है। हालांकि, परिवार चाहें तो अलग से अपना निजी इंतजाम कर सकते हैं।
इंडियन एक्सप्रेस को पता चला है कि टीम मैनेजमेंट ने क्रिकेटरों के परिवारों को उनके साथ रहने की मंजूरी देने के बारे में स्पष्टता की मांग की थी। बीसीसीआई खिलाड़ियों को उनके परिवारों (पार्टनर और बच्चों) को ज्यादा से ज्यादा 14 दिनों तक अपने साथ रखने की मंजूरी देता है, बशर्ते कोई बाहरी दौरा 45 दिनों से ज्यादा का हो।
टीम मैनेजमेंट ने मांगी थी BCCI से जानकारी
बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘भारतीय टीम मैनेजमेंट ने बीसीसीआई से पूछा था कि क्या पत्नियां और मंगेतर टीम के साथ ट्रैवल कर सकती हैं और क्या वे उनके साथ रह भी सकती हैं?’ इस पर बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि परिवार खिलाड़ियों के साथ नहीं रहेंगे। हालांकि, अगर वे चाहें तो अलग से इंतजाम कर सकते हैं।
भारतीय टीम आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के दौरान लीग फेज के तीन मैच घर और एक मुकाबला कोलंबो में खेलेगा। टीम इंडिया ने विश्व कप से पहले कई द्विपक्षीय सीरीज खेली थीं। उन द्विपक्षीय सीरीज के दौरान भी परिवारों को टीम के साथ रहने की इजाजत नहीं थी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम पूरे टूर्नामेंट में एक प्राइवेट चार्टर पर ट्रैवल करेगी। प्लेयर्स के पास पर्सनल शेफ हैं, लेकिन उन्होंने उन्हें पास के होटल में बुक किया है, जहां वे उनके लिए खाना बनाकर भेज सकते हैं।
परिवारों का टूर पर ट्रैवल न करना कोई नई बात नहीं है। साल 2025 में बीसीसीआई (BCCI) ने भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद कई गाइडलाइंस जारी की थीं। हाल के वर्षों में खासकर Covid-19 महामारी आने के बाद से खिलाड़ियों को दौरे के पूरे समय परिवार को अपने साथ रखने की इजाजत थी। हालांकि, सपोर्ट स्टाफ ने निजी तौर पर बताया था कि कैसे कुछ खिलाड़ी अनौपचारिक टीम बैठकों और प्लानिंग सेशन के लिए उपलब्ध नहीं थे, बल्कि परिवार के साथ समय बिताना पसंद कर रहे थे। इसके बाद बीसीसीआई ने अपनी पुरानी नीति पर लौटने का फैसला किया।
नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं
एक मैच, 1578 करोड़ और पाकिस्तान का U-Turn: भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के पीछे की पूरी कहानी
T20 World Cup: पाकिस्तान बनाम USA मैच, 10 फरवरी को होंगे ये 3 मुकाबले; ऐसे देखें लाइव स्ट्रीमिंग
टी20 वर्ल्ड कप में होगा भारत-पाकिस्तान मैच, आठ दिन में ही PCB के होश आए ठिकाने
