इंग्लैंड को हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार (7 फरवरी) को इनामी राशि का ऐलान किया। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि बोर्ड से आयुष म्हात्रे की अगुआई वाली टीम को 7.5 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। ध्यान रहे कि इस इनामी राशि भारतीय खिलाड़ियों के अलावा कोचिंग और स्पोर्ट स्टाफ में भी विभाजित की जाएगी।

देवजीत सैकिया ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ‘आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को हराकर भारत की जीत के बाद पूरा देश खुश है। हमने वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के लिए 7.5 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है।’ भारत ने वैभव सूर्यवंशी की शानदार 175 रनों की पारी के दमपर इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता।

भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराया

पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करते हुए भारत ने 9 विकेट पर 411 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इसमें वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंदों में शानदार 175 रन बनाए। इसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंदों में 53 रन बनाए, जबकि अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंदों में तेज 40 रन बनाए। इंग्लैंड के कैलेब फाल्कनर ने 115 रन बनाए,लेकिन मेहमान टीम 412 रन के विशाल लक्ष्य से पीछे रह गई।

भारत छठी बार बना चैंपियन

भारत के शानदार प्रदर्शन ने यूथ वनडे फाइनल में छक्कों का एक नया रिकॉर्ड भी बनाया। भारतीय पारी में 31 छक्के लगे। पिछले रिकॉर्ड 23 का था। भारत ने इससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में जीता था। इंग्लैंड का 1998 के बाद से अपना दूसरा खिताब जीतने का इंतजार जारी रहा।

यह भी पढ़ें: EXCLUSIVE: वैभव का केवल वैभव से कंप्टीशन, आईपीएल 2026 के बाद भारत के लिए करेंगे डेब्यू- कोच बृजेश झा का दावा