भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार 10 मार्च 2026 को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया पर धनवर्षा करते हुए 131 करोड़ रुपये के इनाम का ऐलान किया है। भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आठ मार्च की रात खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप अपने नाम किया था। साथ ही इस टूर्नामेंट को लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली टीम बनकर इतिहास रच दिया।

बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया की ओर से जारी बयान के अनुसार, बोर्ड ने टीम इंडिया को 131 करोड़ रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। बोर्ड इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को फिर बधाई देता है और भविष्य में भी उनकी सफलता की कामना करता है।

घर में टी20 विश्व कप जीतने वाला पहला देश

इससे पहले सोमवार नौ मार्च को बीसीसीआई ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर टीम इंडिया को बधाई दी थी। बीसीसीआई ने भारत की जीत को ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया था। बोर्ड ने कहा था कि यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि भारत अपनी धरती पर आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने वाला पहला देश बना।

भारत अभी अलग-अलग फॉर्मेट और कैटेगरी में कई आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम कर चुका है।

  • आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप चैंपियन
  • आईसीसी महिला विश्व कप चैंपियन
  • आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन
  • आईसीसी अंडर-19 मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप चैंपियन
  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी विजेता

कप्तान-कोच की तारीफ की

बीसीसीआई के मुताबिक, कप्तान सूर्यकुमार यादव के शानदार नेतृत्व में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में निडर और जोशीला खेल दिखाया। धमाकेदार बल्लेबाजी, अनुशासनात्मक गेंदबाजी और शानदार क्षेत्ररक्षण समेत टीम ने टी20 विश्व कप के सभी चरणों में निरंतरता बनाए रखी और सबसे मुश्किल पलों में भी अच्छा प्रदर्शन किया।

बीसीसीआई ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और पूरे सपोर्ट स्टाफ की भी उनकी लीडरशिप, प्लानिंग और तैयारी के लिए तारीफ की। बोर्ड ने पुरुष चयन समिति की भी तारीफ की। इसके अलावा टी20 विश्व कप जीतने के विजन को हासिल करने में मदद करने के लिए अपने सभी संबद्ध राज्य संघों को भी उनके लगातार योगदान के लिए धन्यवाद दिया।

ये खबरें भी पढ़ सकते हैं

23 साल 6 खिलाड़ी: ICC इवेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले सभी भारतीय, विराट कोहली ने 3 बार जीता यह अवॉर्ड
ईरान-इजरायल युद्ध के कारण यह वनडे और टी20 सीरीज रद्द, IPL 2026 के शेड्यूल में भी क्या देरी की यही वजह?