बिग बैश लीग ( Big Bash League 2020-21) के 10वें सीजन का 21वां मुकाबला पर्थ स्कॉर्चर्स और एडिलेड स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। इस साल यह बिग बैश का आखिरी मैच भी था। सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं जीतने वाली पर्थ की टीम ने साल के अंतिम दिन अपना खाता खोल लिया है। उसने एडिलेड को 7 विकेट से रौंद दिया। इस मैच में उसके स्टार ऑलराउंडर मिशेल स्टार्क ने आखिरी ओवरों में तूफानी पारी खेली। वहीं, झाए रिचर्डसन ने खतरनाक गेंदबाजी से मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम कर लिया।
मैच में टॉस जीतकर पर्थ ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उसके गेंदबाजों ने 16 रन तक एडिलेड के दो विकेट चटका दिए। जैक वेदराल्ड 6 और फिलिप सॉल्ट 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मैट रेनशॉ और एलेक्स कैरी ने टीम की पारी को संभाला। रेनशॉ 19 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद एलेक्स कैरी ने एक छोर को संभाले रखा। दूसरे छोर से बल्लेबाज लगातार आउट होते गए। जोनाथन वेल्स 2 रन, मैथ्यू शॉर्ट 6 रन, राशिद खान 8 रन, डेनियल वॉरेल 1 रन और डैनी ब्रिग्स 10 रन बनाकर आउट हो गए।
कप्तान कैरी ने 59 गेंद पर 82 रन बनाए। उन्होंने 12 चौके और एक छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 138.98 का रहा। एडिलेड ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 146 रन बनाए। रिचर्डसन ने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए। एरॉन हार्डी ने 2 विकेट अपने नाम किए। पर्थ ने 147 रन के लक्ष्य को 17.4 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया। उसके लिए जेसन रॉय ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। उन्होंने 32 गेंद की पारी में 7 चौके और एक छक्का लगाया।
लियम लिविंगस्टन ने 13 गेंद पर 8 और कॉलिन मुनरो ने 6 गेंद पर 6 रन बनाए। इसके बाद जोश इंग्लिश और मिशेल मार्श ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। इंग्लिश ने 31 गेंद पर नाबाद 44 रन बनाए। उन्होंने चार चौके लगाए। मार्श ने 24 गेंद पर नाबाद 38 रन बनाए। उन्होंने 4 चौके और एक छक्का लगाया। इंग्लिश का स्ट्राइक 14.94 और मार्श का स्ट्राइक रेट 158.33 रहा। एडिलेड के स्टार गेंदबाज राशिद खान ने 4 ओवर में 29 रन दिए। उन्हें सिर्फ एक ही सफलता मिली। इससे पहले पर्थ लगातार 3 मैच में हारा था।