पाकिस्तान के सलमान अली आगा को आईसीसी ने आचार संहिता के लेवल 1 को तोड़ने के लिए फटकार लगाई। सलमान आगा शुक्रवार (13 मार्च) को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में मेहदी हसन मिराज द्वारा विवादित तरीके से रन आउट हुए थे। इसके बाद गुस्से में उन्होंने हेलमेट पटका और दस्ताने फेंके। इसी वजह से सलमान को आईसीसी ने फटकार लगाई। हालांकि, पाकिस्तान के टी20 कप्तान सस्ते में छूट गए।

खिलाड़ी को लेवल 1 के उल्लंघन में कम से कम आधिकारिक फटकार की सजा होती है। अधिकतम उस पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं। आगा को आईसीसी के खिलाड़ी और खिलाड़ियों सपोर्ट स्टाफ के लिए आचार संहिता के आर्टिकल 2.2 को तोड़ने का दोषी पाया गया, जो इंटरनेशनल मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों,मैदानी उपकरण या फिक्स्चर और फिटिंग को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है।

क्या है मामला

39वें ओवर की चौथी गेंद पर मिराज ने मोहम्मद रिजवान को गेंद की। रिजवान ने गेंदबाज के दाईं ओर गेंद खेली, जिसे मिराज ने अपने पैर से रोक दिया। इस बीच नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े आगा अपनी क्रीज़ से बाहर थे और मिराज के रास्ते में थे। आगा गेंद उठाने और गेंदबाज को वापस देने के लिए नीचे झुके, लेकिन मिराज ने गेंद पकड़ लिया और अंडर-आर्म थ्रो स्टंप पर मारा। आगा अभी भी क्रीज के बाहर थे।

मिराज से बहस

थर्ड अंपायर ने सलमान को आउट करार दिया। इससे वह बहुत नाराज हुए और फिर अपने बैटिंग ग्लव्स और हेलमेट बाउंड्री लाइन के पास जमीन पर फेंककर ग्राउंड से बाहर चले गए। सलमान ने रिप्ले दिखाए जाने से पहले भी ग्लव्स और हेलमेट पटका था। मिराज से उनकी बहस भी हुई थी। दूसरे वनडे में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर तीन मैच की सीरीज 1-1 से बराबर की।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 128 रन से हराया; माज का ऑलराउंड प्रदर्शन, सलमान ने लगाया अर्धशतक