पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में किरकिरी करवाने के बाद जब पाकिस्तानी टीम ने अपनी 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू कीं, तो उसमें भी अब सेंध लग गई। बांग्लादेश दौरे पर शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम को हार झेलनी पड़ी। मेजबान बांग्लादेश ने पाकिस्तान को तीसरे वनडे मैच में 11 रन से हराया और सीरीज जीती।
इसी के साथ बांग्लादेश ने 2-1 से सीरीज पर कब्जा किया। इस मैच में पहले खेलते हुए बांग्लादेश ने 5 विकेट पर 290 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम यह मुकाबला आखिरी तक ले गई लेकिन 11 रन से हार गई। बांग्लादेश के लिए 10 ओवर में 49 रन देकर चार विकेट लिए तस्किन अहमद ने और इस जीत के हीरो बने। तस्किन के आगे सलमान अली आगा की 106 रन की शतकीय पारी बेकार चली गई।
मुस्तफिजुर का जज्बा, रियाद का बेहतरीन आखिरी ओवर
अंत में कप्तान शाहीन अफरीदी ने 38 गेंद पर 37 रन की पारी खेलकर लड़ाई जरूर लड़ी लेकिन 49वें ओवर में मुस्तफिजुर की हिम्मत और 50वें ओवर में रिहाद हुसैन की कमाल की गेंदबाजी ने मैच को पाकिस्तान से दूर कर दिया। मुस्तफिजुर ने चोट के बावजूद 49वें ओवर की आखिरी गेंद डाली और हारिस रऊफ का विकेट लेकर पाकिस्तान को 9वां झटका दिया।
उन्होंने 10 ओवर में 54 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके बाद आखिरी ओवर में पाकिस्तान को 14 रन की जरूरत थी। रियाद ने पहली दो गेंद पर अफरीदी को रन नहीं बनाने दिए। फिर तीसरी गेंद पर पाकिस्तानी कप्तान ने दो रन लिए और 3 गेंद पर बचे 12 रन। चौथी गेंद भी रियाद ने डॉट निकाल दी। फिर पांचवीं गेंद अंपायर ने वाइड दी लेकिन रिव्यू में यह भी वाइड नहीं थी और एक और डॉट निकल गई।
आखिरी गेंद पर रियाद ने अफरीदी को आउट किया और बांग्लादेश को शानदार जीत दिला दी। इस ओवर से पहले रियाद हुसैन ने 6 ओवर में 54 रन दिए थे और 7वें ओवर में उन्होंने सिर्फ दो रन दिए और एक विकेट ले लिया।
यह भी पढ़ें- “अगर हमें पहला मिला तो उड़ा देंगे”: संजू सैमसन ने की वैभव सूर्यवंशी की मिमिक्री, बताया- IPL डेब्यू से पहले का किस्सा
यह भी पढ़ें- सरफराज अहमद ने 38 की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, भारत को हरा पाकिस्तान को दो बार बनाया था ICC चैंपियन
