बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच शुक्रवार (13 मार्च) को दूसरे वनडे के दौरान मेहदी हसन मिराज के सलमान आगा को रन आउट करने पर विवाद हो गया। पाकिस्तान की पारी में 39वें ओवर में हुई इस घटना से एक बार फिर क्रिकेट भावना पर सवाल होना तय है। सलमान आगा ने 62 गेंद पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वह नॉन स्ट्राइकर एंड पर थे और मिराज को गेंद देने की कोशिश कर रहे थे। तभी बांग्लादेश के कप्तान ने स्टंप पर गेंद मारी और रन आउट की अपील की।
सलमान क्रीज से बाहर थे और उन्होंने मेहदी हसन मिराज को यह बताने की कोशिश भी की कि वह रन नहीं लेने जा रहे थे, लेकिन वह आउट दिए गए। क्रिकेट के नियमों के अनुसार गेंद के डेड नहीं होने तक बल्लेबाज क्रीज से बाहर रहने पर बल्लेबाज रन आउट हो सकता है। सलमान रन आउट होने से नाखुश थे। उन्होंने रिप्ले दिखाने से पहले दस्ताने फेंके और हेलमेट भी पटका। पवेलियन लौटते वक्त भी सलमान काफी गुस्से में थे। वह कुछ अपशब्द कहते हुए पवेलियन लौटे और पाकिस्तान के डगआउट के पास बाउंड्री पर फिर स्ताने फेंके और हेलमेट पटका।
बांग्लादेश ने चुनी गेंदबाजी
बांग्लादेश के कप्तान मिराज ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बुधवार को तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 24 रन देकर 5 विकेट झटके और पाकिस्तान को 114 रन पर समेट दिया। इससे बांग्लादेश तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है।
पाकिस्तान की प्लेइंग 11 में एक बदलाव
बांग्लादेश ने प्लेइंग XI में बदलाव नहीं किया, लेकिन पाकिस्तान ने एक बदलाव किया। साहिबजादा फरहान, शमील हुसैन, माज सदाकत और अब्दुल समद टीम में बरकरार रहे। इन खिलाड़ियों ने पहले मैच में वनडे डेब्यू किया था। राणा की पेस और मेहदी की ऑफ-स्पिन के सामने घुटने टेक दिए थे। इसके बावजूद पाकिस्तान ने इन खिलाड़ियों पर भरोसा जताया। पाकिस्तान ने लेग-स्पिनर अबरार अहमद की जगह तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को मौका दिया।
यह भी पढ़ें: टी20 विश्व कप के शीर्ष स्कोरर साहिबजादा फरहान का बल्ला खामोश, बांग्लादेश के सामने घुटने टेके
