बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने पिछले कुछ सालों में अपने बढ़ते स्तर को तो साबित किया है, साथ ही दुनिया की हर टीम को मात भी दी है। अब बांग्लादेश ने अपने घर पर लगातार पांचवीं वनडे सीरीज जीतते हुए विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को पीटा है। मेजबान बांग्लादेशी टीम ने कंगारुओं को अपनी धरती पर बुरी तरह चित करते हुए लगातार दूसरे वनडे में मात दी और पहली बार उनके खिलाफ वनडे सीरीज जीती है।
बांग्लादेश ने ढाका में ही खेले गए पहले वनडे में ऑस्ट्रेलियाई टीम को डीएलएस प्रणाली से 86 रन से हराया था। अब दूसरे मुकाबले में बांग्लादेशी टीम ने कंगारुओं को 5 विकेट से हराकर सीरीज पर कब्जा जमाया। बांग्लादेश ने अपने घर पर या कहीं भी पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज जीती है। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2027 से पहले इस टीम के लिए विश्व चैंपियन टीम को हराना एक बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।
ऑस्ट्रेलिया ने शून्य पर गंवाए पहले तीन विकेट
इस मैच के हीरो रहे मुस्तफिजुर रहमान जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। इस मुकाबले में पहले खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम बारिश के प्रभावित मुकाबले में 42 ओवर में 8 विकेट पर 187 रन ही बना सकी थी। 0 पर तीन विकेट गंवाने के बाद मार्नस लाबुशेन ने 55 और जेवियर बार्टलेट ने 52 रन की पारी खेलकर स्कोर 187 तक पहुंचाया था। मुस्तफिजुर ने 27 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि तस्किन अहमद को भी तीन विकेट मिले।
जवाब में बांग्लादेश ने 35 ओवर में 5 विकेट खोकर 195 रन बनाए और डीएलएस निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर लिया। सौम्य सरकार 42, नजमुल हसन शांतो 41 और तौहीद हृदोय ने नाबाद 40 रन बनाते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। अंत में कप्तान मेहदी हसन मिराज 22 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद रहे और ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
साल 2026 में ऑस्ट्रेलिया का व्हाइट बॉल से खराब प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया के लिए साल 2026 अभी तक खास नहीं साबित हुआ है। खासतौर से व्हाइट बॉल में कंगारू टीम इस पूरे साल अभी तक फिसड्डी रही है। टी20 वर्ल्ड कप में टीम को पहले राउंड से बाहर होना पड़ा था। उसके बाद पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को टी20 और वनडे सीरीज में हराया। अब बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज हारकर कंगारू टीम ने अपने शर्मनाक प्रदर्शन को जारी रखा है।
349 रन बनाकर भी कैसे हारी इंडिया ए, यह 15 रन पड़ गए भारी; तिलक-ऋतुराज-प्रभसिमरन की पारियां बेकार
इंडिया ए को अफगानिस्तान ए ने वनडे त्रिकोणीय श्रंखला के दूसरे मुकाबले में हरा दिया है। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा, प्रभसिमरन सिंह और ऋतुराज गायकवाड़ की अर्धशतकीय पारियां बेकार हो गईं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
