मुंबई की टीम ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 में एक तरफ चंडीगढ़ को पारी और 155 रनों से हराते हुए जीत से शुरुआत की। वहीं दूसरी तरफ मैच के बाद टीम को तब बड़ा झटका लगा जब 19 वर्षीय सलामी बल्लेबाज और टीम के उपकप्तान आयुष म्हात्रे के इंजरी के कारण बाहर होने की जानकारी सामने आई। रणजी सीजन अभी शुरू ही हुआ था और मुंबई को यह तगड़ा झटका लहा है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की जानकारी के मुताबिक आयुष म्हात्रे की दाईं हैमस्ट्रिंग में इंजरी फिर से उभर आई है। इसी कारण वह तकरीबन एक महीने तक बाहर रहेंगे। यानी साफ है कि म्हात्रे मुंबई के लिए पहले लेग में होने वाले अगले तीन मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

आयुष म्हात्रे ने चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले में मुंबई के लिए पहली पारी में 48 रन बनाए थे और उसके बाद ही वह इंजरी से जूझते दिखे थे। फिर दूसरे व तीसरे दिन वह मैदान पर नहीं उतरे। सोमवार को उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया था। उनकी जगह दोनों दिन सुवेद पारकर को फील्डिंग करते देखा गया।

आईपीएल 2026 से भी बाहर हुए थे म्हात्रे

आईपीएल 2026 के बीच भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए आयुष म्हात्रे चोटिल हो गए थे। उन्होंने फिर इसके बाद तकरीबन 5 महीने तक बाहर रहना पड़ा था। आईपीएल 2026 में भी वह बेहतरीन फॉर्म में थे लेकिन इंजरी के कारण बाहर होना पड़ा था।

आईपीएल में चोटिल होने के बाद म्हात्रे कई प्रमुख टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाए। वह मुंबई के टी20 टूर्नामेंट, फिर इंडिया ए के श्रीलंका दौरे और फिर दलीप ट्रॉफी 2026 से बाहर थे। अब रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अच्छी शुरुआत के बावजूद उन्हें बाहर होना पड़ा है। आईपीएल में म्हात्रे ने 6 पारियों में 201 रन बनाए थे। फिर वह बेंगलुरु स्थित सीओई (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में रिहैब कर रहे थए।

रणजी ट्रॉफी से पहले कांगा लीग के दौरान उनका फिटनेस चेकअप हुआ था और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के फिजियो ने ही उन्हें रणजी में खेलनी की हरी झंडी दिखाई थी। अब यह एक बार फिर से सवाल खड़े कर सकता है।

आयुष म्हात्रे की जगह किसे मिलेगा मौका?

हाल ही में जब मुंबई के स्क्वाड की घोषणा हुई थी तो सूर्यकुमार यादव को बाहर करने पर काफी बवाल मचा था। दरअसल पहले एमसीए ने सूर्या से पूछा था कि वह उपलब्ध रहेंगे या नहीं, जब सूर्या ने कहा वह उपलब्ध हैं तो उन्हें चुना नहीं गया था। चयनकर्ता राजेश पवार ने इस पर सफाई देते हुए कहा था कि सूर्यकुमार यादव को पहले कुछ रेड बॉल मुकाबले खेलने की जरूरत है। यानी अब आयुष के बाहर होने के बावजूद उनकी वापसी मुश्किल है।

फिलहाल इस रेस में कोलकाता नाइट राइडर्स के ओपनर अंगकृष रघुवंशी आगे नजर आ रहे हैं। 22 वर्षीय रघुवंशी ने हाल ही में शेष भारत इंडिया अंडर 23 के लिए खेलते हुए चेन्नई में तमिलनाडु के खिलाफ 203 और फिर मुंबई अंडर 23 के लिए खेलते हुए बंगाल के खिलाफ 201 रन की पारियां खेली थीं। इस लिहाज से बतौर ओपनर वह आयुष म्हात्रे के सटीक रिप्लेसमेंट हो सकते हैं।

Ranji Trophy: मोहम्मद सिराज की कप्तानी में हैदराबाद का विजयी आगाज, तनय ने झटके 9 विकेट; त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराया

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले राउंड में हैदराबाद की टीम ने मोहम्मद सिराज की कप्तानी में विजयी आगाज करते हुए त्रिपुरा को पारी और 40 रन से मात दी। इस मुकाबले में 9 विकेट लेकर तनय त्यागराजन जीत के हीरो बने। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर