डारविन में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। अब दो मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया पर हार का भी खतरा मंडरा रहा है। अगर कंगारू टीम को सीरीज बचानी है तो उसे हर हाल में 22 अगस्त से मैकाय में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में जीत दर्ज करनी होगी। इस मैच के लिए मेजबान टीम ने तैयारियां तेज कर दी हैं और अपने स्क्वाड में भी बड़ा बदलाव करते हुए ओपनिंग बल्लेबाज को बाहर कर दिया है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मंगलवार 18 अगस्त की सुबह दूसरे टेस्ट के लिए अपना स्क्वाड घोषित किया है। इस टीम में से जैक वेदराल्ड को बाहर किया गया है, जबकि मैथ्यू रेनशॉ की टीम में एंट्री हुई है। वहीं मार्नस लाबुशेन को एक और मौका मिला है। लगातार खराब फॉर्म के चलते उनके ऊपर खतरे की तलवार लटक रही थी, मगर मैनेजमेंट ने उन्हें एक और मौका दिया है।

3 साल बाद टेस्ट टीम में लौटे रेनशॉ

बता दें कि मैथ्यू रेनशॉ ने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2023 में भारत के खिलाफ दिल्ली के मैदान पर खेला था। उसके बाद से उन्हें अपने अगले मैच का इंतजार है। उन्होंने टेस्ट डेब्यू के बाद से लगातार ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे और टी20 फॉर्मेट खेला, मगर टेस्ट में अब तीन साल बाद वह लौटे हैं। अब देखना होगा कि उन्हें दूसरे टेस्ट में खेलने का मौका मिलता है या नहीं।

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर।

पहले टेस्ट में बुरी तरह हारे कंगारू

बांग्लादेश ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को डार्विन में हराकर इतिहास रच दिया था। बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया में यह पहली टेस्ट जीत थी। वहीं 2017 में मीरपुर में बांग्लादेश की जीत के बाद दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट जीत थी। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 198 रन पर सिमट गई थी और बांग्लादेश ने इसके जवाब में 426 रन बनाए थे। फिर दूसरी पारी में भी कंगारू टीम 284 रन ही बना पाई थी और बांग्लादेश को मिला 57 रन का लक्ष्य जो उसने एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।

WTC Points Table: ऑस्ट्रेलिया हारकर भी शीर्ष पर, टॉप-4 में बांग्लादेश, 5वें पर भारत

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। साउथ अफ्रीका दूसरे और न्यूजीलैंड तीसरे नंबर पर है। चौथे पर बांग्लादेश है। भारत 5वें और श्रीलंका छठे नंबर पर है। इंग्लैंड 7वें, पाकिस्तान 8वें और वेस्टइंडीज 9वें नंबर पर है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर