भारतीय टीम को मंगलवार (24 फरवरी) को ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोहरा झटका लगा। ऑस्ट्रेलिया से भारत को पहले वनडे में 6 विकेट से हार मिली। इसके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर चोटिल हो गईं। 84 गेंद पर 53 रन की पारी खेलने वालीं हरमन फील्डिंग करने नहीं उतरीं। उनकी जगह उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने कप्तानी संभाली।
भारतीय टीम की पारी के बाद हरमनप्रीत कौर की चोट पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(BCCI)ने जानकारी दी। उसने कहा कि बल्लेबाजी के दौरान हरमनप्रीत ने अपना बायां घुटना चोटिल कर लिया। वह मेडिकल टीम की निगरानी में थी। यह साफ नहीं है कि हरमनप्रीत को चोट कब लगी, लेकिन भारत की पारी में 38वें ओवर में उन्हें उपचार कराते देखा गया। तब वह 67 गेंद पर 45 रन बनाकर क्रीज पर थी। वह 44वें ओवर में आउट हुईं।
हरमनप्रीत कौर-काश्वी गौतम की अर्धशतकीय साझेदारी
हरमनप्रीत कौर ने काश्वी गौतम के साथ 61 गेंद पर 53 रनों की साझेदारी की। काश्वी ने 44 गेंद पर 43 रन बनाए। हरमन ने अपनी पारी में 3 चौके लगाए और भारत को 34 ओवर में 140 रन पर 6 विकेट गिरने पर संभाला। स्मृति मंधाना ने 68 गेंद पर 58 रन बनाए। भारतीय टीम 48.3 ओवर में 214 ऑल आउट हो गई।
ऑस्ट्रेलिया की पारी
ऑस्ट्रेलिया ने 215 रन के लक्ष्य के जवाब में 38.2 ओवर में 4 विकेट पर 217 रन बनाए। बेथ मूनी ने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए। एलिसा हीली ने 50 रन बनाए। अनाबेल सदरलैंड 48 रन बनाकर नाबाद रहे। फीबी लिचफील्ड ने 32 रन बनाए। एश्ले गार्डनर 5 रन बनाकर नाबाद रही। जॉर्जिया वोल खाता नहीं खोल पाईं। भारत के लिए श्री चरणी ने 2 विकेट लिए। क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट लिए। तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मैच 27 फरवरी को खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें: महिला टी20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी, 12 टीमें खेलेंगी 33 मुकाबले
