बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डारविन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में बढ़त बना ली है। बांग्लादेश की टीम अब अच्छी लीड की ओर बढ़ चुकी है। बांग्लादेशी ओपनर तंजिद हसन तमीम ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक ठोका है। इससे खास क्या बात होगी कि उनका पहला शतक ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर और मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और नाथन लियोन जैसे वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों के सामने आया है।

इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। पहले दिन के खेल में कंगारू टीम महज 53 ओवर खेल पाई और 198 रन पर सिमट गई। बांग्लादेशी पेसर्स का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला था। हसन महमूद ने छह विकेट झटके थे। वहीं तस्किन अहमद और एबादत हुसैन को 2-2 सफलताएं मिली थीं। ऑस्ट्रेलिया के लिए एकामात्र बल्लेबाज स्टीव स्मिथ सेट नजर आए थे और उन्होंने 71 रन की पारी खेली थी। खबर लिखे जाने तक बांग्लादेश ने 64 ओवर में 2 विकेट पर 230 रन बना लिए थे और ऑस्ट्रेलिया से 32 रन आगे थी।

दूसरा टेस्ट, तीसरी पार, तमीम का पहला टेस्ट शतक

बांग्लादेश के ओपनर तंजिद हसन तमीम का यह दूसरा टेस्ट मैच ही है। उन्होंने इसी साल मई में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। अपनी तीसरी टेस्ट पारी में अब उन्होंने अपना पहला शतक भी जड़ दिया है। इस शतक की खास बात यह है कि, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के घातक गेंदबाजी अटैक के सामने इसे जड़ा है।

इस पारी में शतक तक पहुंचने के लिए तंजिद ने 8 चौके और एक छक्का लगाया और 188 गेंद पर अपनी सेंचुरी पूरी की। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में उन्होंने 26 और 4 रन की पारियां ही खेली थीं। इस पारी में उनके अलावा मोमिनुल हक ने 49 रन बनाए। वहीं कप्तान नजमुल हसन शंटो ने भी 74 गेंद पर अर्धशतक जड़ा।

तंजिद हसन इस शतक के बाद बांग्लादेश के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सेंचुरी लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। उनसे पहले 2006 में फातुल्लाह में शहरियार नफीस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में 138 रन की पारी खेली थी। वहीं 2022 के बाद विदेशी सरजमीं पर किसी बांग्लादेशी ओपनर का यह पहला शतक है। उनसे पहले साउथ अफ्रीका के डरबन में 2022 में महमुदुल हसन जॉय ने 137 रन की पारी खेली थी।

गौरतलब है कि बांग्लादेश की टीम 23 साल में पहली बार ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई है और यहां टेस्ट मैच खेल रही है। इससे पहले एशियाई टीम ने 2015 वनडे विश्व कप और 2022 टी20 विश्व कप के लिए ही सिर्फ ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। जबकि डारविन में भी 22 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी हुई है।

IND vs SL 1st Test: भारत-श्रीलंका पहला टेस्ट, बारिश बिगाड़ सकती है खेल; जानें कैसा रहेगा गॉल का मौसम

भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। गॉल में मैच के दिन सुबह 82 प्रतिशत बारिश का अनुमान बताया गया है। अगर मैच में बारिश विलेन बनी तो भारत को नुकसान भी WTC में हो सकता है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर