अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराया और फाइनल में जगह बना ली है। इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने इस मैच में 110 रन की पारी खेलते हुए ऐतिहासिक शतक लगाया। इसके बाद इंग्लिश गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलियाई टीम को धूल चटाई। पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने 277 रन 7 विकेट पर बनाए थे। जवाब में कंगारू टीम 250 पर सिमट गई।
वहीं ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ओलिवर पीक ने भी 88 गेंद पर 100 रन की पारी खेली। उनका शतक बेकार हुआ और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने आखिरी चार विकेट 49 रन में गंवाए। इंग्लैंड के लिए सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन और राल्फी अल्बर्ट ने 2-2 विकेट झटके। वहीं फरहान अहमद और एलेक्स फ्रेंच ने 1-1 विकेट झटका।
थॉमस रेव ने जड़ा ऐतिहासिक शतक
इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने 97 गेंद पर अपना शतक पूरा किया था। उन्होंने 107 गेंद की पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया। वह अंडर 19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले और ओवरऑल 7वें बल्लेबाज बने।
उनसे पहले भारत के चेतेश्वर पुजारा, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, यश ढुल और रवनीत रिकी ने ऐसा किया था। वहीं बांग्लादेश के महमुदुल हसन जॉय ने भी 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक जड़ा था।
इसके अलावा थॉमस अब अंडर 19 विश्व कप में शतक बनाने वाले दूसरे विकेटकीपर कप्तान बने हैं। उनसे पहले नामीबिया के लोहैंड्रे लूवरेन्स के ने 2018 में केन्या के खिलाफ 114 रन बनाए थे। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने 107 गेंद पर 110 रन की पारी खेली।
भारत या अफगानिस्तान से होगा फाइनल मुकाबला
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को खेला जाएगा। अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल बुधवार 4 फरवरी को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा। इंग्लैंड की टीम अब अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में भारत या अफगानिस्तान किसी एक टीम का सामना करेगी।
यह भी पढ़ें: IND vs USA: इशान बाहर, सैमसन इन; टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच के लिए भारतीय स्पिनर ने चुनी प्लेइंग 11
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान पर चलेगा ICC का हंटर, 315 करोड़ की सालाना इनकम से हाथ धो सकता है PCB; क्या मोहसिन नकवी लेंगे यू टर्न?
