जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज आकिब नबी दार ने लगातार मौजूदा रणजी ट्रॉफी में कमाल का प्रदर्शन किया है। सेमीफाइनल में 9 विकेट लेने के बाद फाइनल में भी आकिब का जलवा अभी तक दिखा है। रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में पहले खेलते हुए जम्मू-कश्मीर ने 584 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी कर्नाटक ने 57 रन पर ही चार विकेट गंवा दिए।
आकिब नबी दार ने केएल राहुल, करुण नायर और स्मरण रविचंद्रन के रूप में तीन बड़े विकेट झटके। केएल राहुल आकिब का उछाल नहीं समझ पाए और विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हो गए। राहुल ने 39 गेंद पर 13 रन बनाए। इसके बाद करुण नायर आकिब के खिलाफ खाता भी नहीं खोल पाए और डक पर पवेलियन लौट गए।
फिर टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर स्मरण रविचंद्रन आकिब की पहली गेंद पर ही आउट हो गए। इस मैच से पहले आकिब नबी दार रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन के 9 मैचों में 55 विकेट ले चुके थे। अब उनके 58 विकेट हो चुके हैं। अगर वह दो विकेट और लेते हैं तो मौजूदा सत्र के नंबर 1 गेंदबाज बन जाएंगे। अभी मयंक मिश्रा के नाम 59 विकेट दर्ज हैं और वह टॉप पर हैं।
देखें आकिब के दोनों बैक टू बैक विकेट का वीडियो
दिल्ली कैपिटल्स को मिला लाजवाब सितारा
आकिब नबी दार का यह प्रदर्शन देख दिल्ली कैपिटल्स की टीम निश्चित ही फूली नहीं समा रही होगी। आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली ने जम्मू-कश्मीर के इस गेंदबाज पर दांव लगाया था। दिल्ली ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था।
अब टूर्नामेंट शुरू होने में जब एक महीना बाकी है तो दिल्ली की टीम आकिब के इस प्रदर्शन से निश्चित ही काफी खुश होगी। फ्रेंचाइजी ने एक्स पर आकिब के लिए खास पोस्ट भी शेयर किया।
यह भी पढ़ें- 6,6,6,…उमरान मलिक ने एक ओवर में लुटाए 36 रन, शार्दुल ठाकुर की टीम हारी; 24 वर्षीय बल्लेबाज ने ठोका शतक
यह भी पढ़ें- T20 World Cup: श्रीलंका बाहर, लेकिन पाकिस्तान अब भी बना सकता है सेमीफाइनल में जगह, ये है पूरा गणित
