महान फुटबाल खिलाड़ी पेले से जुड़ी 2000 से अधिक चीजों की तीन दिवसीय नीलामी मंगलवार से शुरू हुई। इसमें इस दिग्गज खिलाड़ी की शर्ट, स्मृति चिन्ह और पदकों को रखा जाएगा। ब्राजील के इस महान खिलाड़ी के करियर के दौरान एकत्रित की गई इन चीजों को लंदन में लास एंजिल्स स्थित कंपनी जूलियन आक्शंस बेचेगी। इससे करीब 30 लाख पाउंड (44 लाख डालर) मिलने की उम्मीद है। पेले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिसने तीन बार विश्व कप जीता है।
जिन चीजों की बिक्री होगी उसमें जूल्स रिमेट ट्राफी की प्रतिकृति भी शामिल है। इसके करीब चार लाख दस हजार पाउंड में बिकने की उम्मीद है। पेले के 1958, 1962 और 1970 विश्व कप पदकों में प्रत्येक के एक लाख 40 हजार पाउंड में बिकने की उम्मीद है।
मंगलवार को नीलामी की शुरुआत हुई। इसमें पेले को दी गई 2015 ब्राजील की राष्ट्रीय फुटबाल टीम की जर्सी सबसे पहले बिकी। इस पर पेले का नाम और उनका नंबर 10 लिखा था। यह जर्सी 725 पौंड में बिकी जबकि इसके 280 से 420 पाउंड में बिकने का अनुमान लगाया गया था।