पहले तैराकी और वॉलीबॉल में हाथ आजमाया, फिर मां बनने के बाद निशानेबाजी को अपना करियर बनाया और महज तीन साल के भीतर मोना अग्रवाल का जीवन इस खेल की वजह से पूरी तरह बदल गया। अप्रैल 2021 में बेटे को जन्म देने के बाद दिसंबर 2021 में शूटिंग (निशानेबाजी) शुरू करने वाली मोना अग्रवाल पांच साल के छोटे से करियर में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं।
मोना अग्रवाल ने मां बनने के बाद सिर्फ तीन साल के भीतर पेरिस पैरालंपिक 2024 में हिस्सा लिया और महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। मोना अब पैरा एशियाई खेलों 2026 की निशानेबाजी स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतना है।
मोना अग्रवाल ने जनसत्ता से बातचीत में अपने सफर के बारे में बताया कि उन्हें 2016 में एशियाई खेलों के बारे में जानकारी मिली थी। शुरुआत में उन्होंने तैराकी और वॉलीबॉल में हाथ आजमाया। हालांकि, निशानेबाजी में उनकी शुरुआत बेटे के जन्म के बाद हुई।
दादी और सास ने दिया पूरा साथ
दिसंबर 2021 से मोना अग्रवाल ने निशानेबाजी शुरू की और पीछे मुड़कर नहीं देखा। MBA की पढ़ाई कर चुकीं मोना अग्रवाल ने बताया कि उनके इस सफर में परिवार का अहम योगदान रहा है। उनकी दादी और सास ने उनके खेल को पूरा समर्थन दिया। परिवार के इस सहयोग ने उन्हें निशानेबाजी में आगे बढ़ने का अवसर दिया।
एशियाई खेलों की तैयारी के बीच मोना अग्रवाल ने मौजूदा चयन व्यवस्था पर भी भरोसा जताया। मोना अग्रवाल ने बताया कि एशियाई खेलों के लिए चयन नीति तय है और खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर होता है। उनके मुताबिक, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) की चयन प्रक्रिया खिलाड़ियों के हित में रही है।
हाल ही में दिल्ली में कुछ पैरा खिलाड़ियों, विशेषकर पैरा निशानेबाजों और पैरा साइकिल चालकों ने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी, पक्षपात और अंतिम समय में नीति बदलने के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। इस मामले पर मोना अग्रवाल ने कहा कि एशियाई खेलों की चयन नीति पहले से तय है और चयन ट्रायल के आधार पर किया जाता है।
मोना अग्रवाल ने हालांकि यह भी कहा कि PCI को अपनी नीतियों को और अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह के आरोपों की गुंजाइश न रहे। पेरिस पैरालंपिक पदक विजेता मोना अग्रवाल ने कहा, ‘‘मुझे PCI और उसके ट्रायल पर पूरा भरोसा है। मेरे अलावा कई खिलाड़ी हैं, जो संतुष्ट हैं।’’
टीम में तालमेल, खिलाड़ियों को मिल रहा सहयोग
मोना अग्रवाल ने पैरा निशानेबाजी टीम के माहौल को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि टीम में कोई मतभेद नहीं है और सभी 13 निशानेबाज कड़ी मेहनत कर रहे हैं। अलग-अलग स्पर्धाओं की तैयारी के दौरान खिलाड़ियों के बीच पूरा तालमेल है।
उन्होंने इसके लिए PCI और कोच के सहयोग को अहम बताया। मोना के मुताबिक, खिलाड़ियों को सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), PCI और टीम मैनेजमेंट से हर स्तर पर मदद मिल रही है। कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के जरिए भी सहायता मिल रही है और अब निजी कंपनियां भी खिलाड़ियों की मदद के लिए आगे आ रही हैं।
‘कोच पर 20% राशि मांगने के आरोप निराधार’
मुख्य कोच जेपी नौटियाल पर 20 प्रतिशत राशि मांगने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर मोना अग्रवाल ने कहा कि उनकी ओर से कभी इस तरह की कोई मांग नहीं की गई। मोना अग्रवाल ने कहा, ‘‘जब मैं पदक जीतती हूं तो सम्मान स्वरूप मैं खुद कोच की मदद करना चाहती हूं, लेकिन वह मना कर देते हैं और कहते हैं कि तुम बस पदक जीतती रहो, वही मेरे लिए सम्मान है।’’
पैरा निशानेबाजी के प्रभारी अधिकारी शिवम त्यागी ने भी मुख्य कोच जेपी नौटियाल पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। शिवम त्यागी ने कहा कि टीम का पूरा ध्यान पैरा एशियाई खेलों को सफल बनाने पर है और भारतीय खेल प्राधिकरण से हरसंभव सहयोग मिल रहा है।
R2 और R8 स्पर्धाओं में उतरेंगी मोना
मोना अग्रवाल इस बार पैरा एशियाई खेलों में R2 और R8 कैटेगरी में हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि पैरा एशियाई खेलों 2023 में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा था। इस बार भी टीम बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने 2024 में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किये जाने का भी उल्लेख किया। मोना अग्रवाल ने कहा कि खिलाड़ियों को मिलने वाला सहयोग उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है।
2036 ओलंपिक पर सरकार के प्रयासों का जिक्र
2030 राष्ट्रमंडल खेल और 2036 ओलंपिक की तैयारियों को लेकर मोना अग्रवाल ने कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर काम कर रही है और खेलों पर मजबूती से निवेश कर रही है। उनके मुताबिक, खिलाड़ियों को भी हर साल खुद को और मजबूत बनाना होगा ताकि बेहतर प्रदर्शन के जरिये देश के लिए पदकों की संख्या बढ़ाई जा सके।
एशियन पैरा गेम्स से 5 दिन पहले मुख्य कोच को हटाने पर बवाल
एशियन पैरा गेम्स 2026 से पांच दिन पहले भारतीय पैरा शूटिंग टीम के मुख्य कोच जेपी नौटियाल को अंतिम दल से हटा दिया गया। मनीष नरवाल, मोना अग्रवाल और रुद्रांश खंडेलवाल समेत कई निशानेबाजों ने साई मुख्यालय पहुंचकर कोच की बहाली की मांग की। खिलाड़ियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर वे खेलों में भागीदारी पर पुनर्विचार कर सकते हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
