एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की संख्या पिछली बार के मुकाबले घटने के बाद अब खिलाड़ियों के प्रदर्शन का हिसाब-किताब होगा। भारत ने आइची-नागोया में 21 स्वर्ण सहित 85 पदक जीते, जबकि हांगझू में भारतीय दल ने 106 पदक नाम किये थे। इस गिरावट के मद्देनजर खेल मंत्रालय 13 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय खेल महासंघों के साथ एक बैठक करेगा।

दिन भर चलने वाली इस बैठक में खासतौर पर कुछ अनुभवी खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। खिलाड़ियों की तैयारी पर तीन साल में 700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये जाने के बाद ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) के तहत मिलने वाली फंडिंग की भी समीक्षा किये जाने की संभावना है।

अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सवाल

खेल मंत्रालय के सूत्र के मुताबिक, कुछ अनुभवी खिलाड़ी एक तरह से ढीले पड़ गए थे और इसका असर उनके प्रदर्शन में नजर आया। अब राष्ट्रीय महासंघों के साथ होने वाली बैठक में ऐसे खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनकी तैयारी से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होगी।

बैठक में यह भी देखा जाएगा कि खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार करने की मौजूदा प्रक्रिया में कहां सुधार की जरूरत है। खेल मंत्रालय और महासंघ मिलकर प्रदर्शन से जुड़े कमजोर पक्षों की पहचान करेंगे, ताकि आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी को बेहतर किया जा सके।

बैडमिंटन और निशानेबाजी में निराशा

बैडमिंटन में भारत को सिर्फ टीम स्पर्धा में कांस्य पदक मिला। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। निशानेबाजी में भी खासतौर पर पिस्टल स्पर्धाओं ने निराश किया। इन दोनों खेलों में भारत की पदक उम्मीदें काफी हद तक अनुभवी और स्थापित खिलाड़ियों पर टिकी थीं, इसलिए बैठक में इनके प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा होना तय माना जा रहा है।

खेलों के बाद चोट बताने पर सवाल

खेल मंत्रालय के सामने खिलाड़ियों की चोटों का मुद्दा भी रहेगा। सूत्र ने बताया कि कुछ खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में पहुंचने के बाद चोटों की जानकारी दी। खेल मंत्रालय का मानना है कि यदि किसी खिलाड़ी की फिटनेस को लेकर समस्या है तो इसकी जानकारी प्रतियोगिता से पहले होनी चाहिए, ताकि टीम की तैयारी और रणनीति में समय रहते बदलाव किया जा सके। यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एशियन गेम्स की तैयारी के तीन साल के चक्र में खिलाड़ियों पर 700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए थे।

TOPS फंडिंग की भी होगी समीक्षा

बैठक में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम यानी TOPS के तहत खिलाड़ियों को दी जा रही वित्तीय सहायता भी समीक्षा के दायरे में होगी। योजना के जरिये ओलंपिक और बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।

एशियन गेम्स के प्रदर्शन के बाद खेल मंत्रालय यह आकलन कर सकता है कि इस सहायता का इस्तेमाल किस तरह हुआ और उससे अपेक्षित परिणाम मिले या नहीं। इसका असर आगे खिलाड़ियों के चयन और उन्हें मिलने वाली सहायता की प्राथमिकताओं पर पड़ सकता है।

भारत ने हांगझू में 106 पदक जीतकर रिकॉर्ड प्रदर्शन किया था। आइची-नागोया में यह आंकड़ा 85 पर आकर ही रुक गया। ऐसे में 13 अक्टूबर की बैठक केवल पदकों की समीक्षा नहीं होगी, बल्कि उन खिलाड़ियों और व्यवस्थाओं पर भी नजर होगी जिनसे देश को भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में बेहतर नतीजों की उम्मीद है।

एशियन गेम्स 2026: पांच भारतीयों ने लगाई पदकों की हैट्रिक, 3 खेलों में पुरुष और महिलाएं दोनों बने चैंपियन

एशियन गेम्स 2026 में भारत के पांच खिलाड़ियों ने तीन-तीन पदक जीतकर खास उपलब्धि हासिल की। कुमकुम मोहोद और नीरू ढांडा ने दो स्वर्ण सहित तीन पदक जीते, जबकि विद्या रामराज, गुलवीर सिंह और रुद्रांक्ष पाटिल ने भी पदकों की हैट्रिक पूरी की। क्रिकेट, कबड्डी और हॉकी में महिला और पुरुष दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीता। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)