दीक्षा डागर ने 18 साल की उम्र में लेडीज यूरोपियन टूर पर खिताब जीता था। दो बार की डेफलंपिक्स स्वर्ण पदक विजेता दीक्षा का मानना है कि इस प्रतियोगिता में बढ़ता मुकाबला खुशी की बात है। डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के लेगेसी फंड से एडेप्टिव गोल्फ एलायंस फाउंडेशन को 10 हजार पाउंड के बराबर राशि देने की प्रतिबद्धता जताई गई है। इसका इस्तेमाल देशभर में दिव्यांगों को गोल्फ से जोड़ने के लिए किया जाएगा।
भारतीय पेशेवर गोल्फर दीक्षा डागर के लिए गोल्फ सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि सपनों को पूरा करने और दूसरों को रास्ता दिखाने का जरिया भी है। सुनने में समस्या होने के बावजूद दीक्षा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 18 साल की उम्र में लेडीज यूरोपियन टूर (LET) पर खिताब जीतकर इतिहास रचा। वह अदिति अशोक के बाद इस टूर पर खिताब जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला गोल्फर बनीं।
टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के साथ वह डेफलंपिक्स में भी दो बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में उन्होंने भारतीय महिला टीम के साथ रजत पदक जीता।
दीक्षा डागर अब अपनी उपलब्धियों के जरिए उन लोगों को भी गोल्फ से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं, जिन्हें उनकी तरह सुनने में परेशानी होती है। उनका मानना है कि डेफलंपिक्स में खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी और कड़ा होता मुकाबला इस खेल के लिए अच्छी बात है।
ओलंपिक खेलने के लिए छोड़ दी थी बोर्ड परीक्षा
दीक्षा ने करीब छह-सात साल की उम्र में गोल्फ खेलना शुरू किया था। बचपन में उन्हें स्विमिंग और टेनिस जैसे खेलों में भी दिलचस्पी थी। खेलों के प्रति उनके लगाव के कारण परिवार ने भी उन्हें आगे बढ़ने का मौका दिया। उनके पिता गोल्फ खेलते थे और इसी वजह से दीक्षा का इस खेल से परिचय हुआ।
दीक्षा ने बताया कि उनके इलाके के गोल्फ कोर्स में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट हुआ। उन्होंने उसमें हिस्सा लिया और अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद उनके माता-पिता ने उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। वह दो साल के भीतर ओपन कैटेगरी में भारत की नंबर एक गोल्फर बन गईं। अंडर-15 और अंडर-18 वर्गों में भी उन्होंने शीर्ष स्थान हासिल किया।
दीक्षा डागर के मुताबिक, वह लगातार तीन साल तक भारत की नंबर एक गोल्फर रहीं। हालांकि, उनका सपना सिर्फ देश में शीर्ष गोल्फर बनने तक सीमित नहीं था। वह ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने अपनी पढ़ाई और खेल में से गोल्फ को चुना।
दीक्षा डागर ने बताया, ‘‘मुझे 12वीं की बोर्ड परीक्षा देनी थी। मेरे माता-पिता ने पूछा कि मुझे गोल्फ खेलना है, ओलंपिक में जाना है या बोर्ड की परीक्षा देनी है। मैंने कहा कि मैं गोल्फ खेलना चाहती हूं। मैंने बोर्ड की परीक्षा छोड़ दी और सोचा कि बाद में दे दूंगी, क्योंकि हर किसी को ओलंपिक खेलने का मौका नहीं मिलता। बहुत सारे बच्चे पढ़ाई करते हैं और बोर्ड परीक्षा देते हैं, लेकिन उनमें से सभी ओलंपिक में नहीं खेल पाते।’’
इसके बाद उन्होंने चार टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और जीत हासिल की। इसी दौरान वह इंडियन ओपन जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय खिलाड़ी बनीं। गोल्फ में लगातार आगे बढ़ते हुए उनका ओलंपियन बनने का सपना भी पूरा हुआ और उन्हें टोक्यो ओलंपिक में खेलने का अवसर मिला। उन्होंने चेक रिपब्लिक ओपन का खिताब भी जीता और उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
डेफलंपिक्स में बढ़ते मुकाबले को मानती हैं अच्छी बात
दीक्षा डेफलंपिक्स में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। दीक्षा डागर के मुताबिक, जब उन्होंने पहली बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, तब गोल्फ में खिलाड़ियों की संख्या सीमित थी। उस समय अमेरिका की गोल्फर केली थीं। केली एलपीजीए में खेलती थीं। केली ने स्वर्ण पदक जीता था।
इसके बाद दीक्षा डागर ने पेशेवर गोल्फ प्रतियोगिताओं में खेलना शुरू किया। अगली डेफलंपिक्स प्रतियोगिता में उन्हें अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी देखने को मिली। इसे वह सकारात्मक बदलाव मानती हैं। दीक्षा ने बताया, ‘‘मैं जिस स्तर पर गोल्फ खेल रही हूं, मुझे जिस तरह का एक्सपोजर मिला है और मैं लेडीज यूरोपियन टूर पर खेलती हूं, उससे मुझे विश्वास था कि डेफलंपिक्स में भी पदक मिल जाएगा। हालांकि, अब हर डेफलंपिक्स में मुकाबला बढ़ता जा रहा है। यह खुशी की बात है।’’
दीक्षा डागर के मुताबिक, ‘‘कई बार खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर नहीं मिलते, जिसकी वजह से वह डेफलंपिक्स जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से भी हिचकते हैं। ऐसे में अधिक खिलाड़ियों का सामने आना और प्रतियोगिता में हिस्सा लेना खेल के विस्तार का संकेत है।
दीक्षा डागर ने बताया कि डेफलंपिक्स में फ्रांस की एक और अमेरिका की दो खिलाड़ी उनसे मिलने आई थीं। उन्होंने दीक्षा डागर से कहा कि वे उन्हें फॉलो कर रही हैं और लेडीज यूरोपियन टूर पर उनकी जीत से प्रेरित होकर डेफलंपिक्स में हिस्सा लेने पहुंची हैं। दीक्षा डागर के लिए यह अनुभव खास था।
दीक्षा डागर ने कहा, ‘‘इससे मुझे अहसास हुआ कि मैं सही रास्ते पर चल रही हूं। मुझे खुशी है कि मैं अच्छा काम कर रही हूं और दूसरों को प्रेरित कर रही हूं। यह सिर्फ आम लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन लोगों को भी प्रेरित करता है जिन्हें मेरी तरह सुनने में परेशानी है।’’
दिव्यांग खिलाड़ियों को गोल्फ से जोड़ने के लिए 10 हजार पाउंड की मदद
दीक्षा की यात्रा और उनके जैसे खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत के बीच डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के लेगेसी फंड से एडेप्टिव गोल्फ एलायंस फाउंडेशन (AGAF) को 10 हजार पाउंड के बराबर राशि देने की प्रतिबद्धता जताई गई है। इस राशि का इस्तेमाल देशभर में दिव्यांग लोगों को गोल्फ से परिचित कराने और उन्हें नियमित कोचिंग तथा प्रतियोगिताओं तक पहुंच बनाने में मदद देने के लिए किया जाएगा।

फाउंडेशन की ओर से अलग-अलग जगहों पर डिस्कवरी इवेंट आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में शुरुआती प्रशिक्षण के साथ कोचों के विकास और शिक्षा पर भी ध्यान दिया जाएगा। नए खिलाड़ियों को पहले से एडेप्टिव गोल्फ खेल रहे खिलाड़ियों से जोड़ने की योजना है, ताकि उन्हें खेल में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
इस पहल की घोषणा दिल्ली गोल्फ क्लब में डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के सप्ताह के दौरान आयोजित एक विशेष क्लिनिक के बाद की गई। इसमें डीपी वर्ल्ड टूर और राइडर कप विजेता शेन लॉरी तथा दीक्षा डागर ने प्रतिभागियों और कोचों के साथ हिस्सा लिया।
एडेप्टिव गोल्फ एलायंस फाउंडेशन के निदेशक बलेंदु सिंह ने कहा कि इस सहयोग से अधिक दिव्यांग लोगों को गोल्फ से जोड़ने में मदद मिलेगी। उनके मुताबिक, डिस्कवरी इवेंट लोगों को यह समझने का अवसर देंगे कि वे भी इस खेल को खेल सकते हैं। इसमें अपना कौशल विकसित कर सकते हैं और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
यूरोपियन डिसेबल्ड गोल्फ एसोसिएशन (EDGA) के अध्यक्ष टोनी बेनेट ने बताया कि AGAF ने अपनी स्थापना के नौ महीने के भीतर भारत में एडेप्टिव गोल्फ को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया है। इस दौरान शुरुआती कार्यक्रमों के साथ देश का पहला G4D टूर्नामेंट भी आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि द आर एंड ए (The R&A) के सहयोग से चलने वाले आठ चरणों के कार्यक्रम के तहत EDGA ने अपनी विशेषज्ञता साझा की है।
दिल्ली गोल्फ क्लब में जुटेंगे दुनिया भर के दिग्गज, भारतीय खिलाड़ियों के पास चमकने का मौका; सप्तक तलवार और खलिन जोशी पर नजरें
दिल्ली गोल्फ क्लब में 15 से 18 अक्टूबर तक होने वाली डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप 2026 में दुनिया के दिग्गज गोल्फर उतरेंगे। सप्तक तलवार, खलिन जोशी और वीर अहलावत भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। सप्तक और खलिन के बीच डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के खिताब की दौड़ भी दिलचस्प होगी। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
