एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने 15 पदक जीतकर अपनी ताकत दिखाई। इनमें तीन स्वर्ण पदक ओलंपिक स्पर्धाओं में आए, जबकि ट्रैप निशानेबाज नीरू ढांडा ने व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीतकर छाप छोड़ी। अब भारतीय निशानेबाजों की नजर लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 (LA28) पर है।
भारत के ट्रैप शूटिंग कोच और लंदन ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता पीटर विल्सन का मानना है कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान अपनी सीमाओं से आगे निकलना होगा। उनका मंत्र है, ‘ट्रेनिंग कठिन करो, मुकाबला आसान होगा।’ द इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में पीटर विल्सन ने अपनी कोचिंग फिलॉसफी और टैक्टिकल एनालिसिस के बारे में बात की।
सवाल: ट्रैप में दो गोल्ड मेडल। आप इसे कैसे देखते हैं?
पीटर विल्सन: यह कैंपेन बहुत शानदार रहा। नीरू के लिए अस्पताल से निकलकर जापान जाना, ट्रेनिंग में कुछ राउंड शूट करना और फिर तीन दिन तक शूटिंग करना, यह एक बहुत बड़ी चुनौती थी।
नीरू ने सिंगल्स और फिर मिक्स्ड टीम इवेंट में पदक जीते। यह उनके टैलेंट को दिखाता है। कायनन का टैलेंट भी इससे साबित हुआ कि भले ही वह व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना पाए, लेकिन मिक्स्ड टीम फाइनल में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
ओलंपिक से पहले कोई भी गोल्ड मेडल हौसला बढ़ाता है। मैं उनके लिए बहुत खुश हूं, लेकिन मैं नहीं चाहता कि कोई भी बहुत ज्यादा उत्साहित हो जाए। हमें सबसे पहले लॉस एंजिलिस ओलंपिक कोटा हासिल करना है।
मेरा मानना है कि एक टीम के तौर पर प्रतिस्पर्धी प्रशिक्षण बहुत जरूरी है। इससे मुझे भी अपना सर्वश्रेष्ठ देने में मदद मिली और आने वाले कुछ महीनों के लिए तैयार हैं।
सवाल: नीरू और कायनन के साथ आपने किन तकनीकी चीजों पर काम किया?
पीटर विल्सन: लोनाटो वर्ल्ड कप के बाद मैंने नीरू ढांडा की गन में थोड़ा बदलाव किया। इसके अलावा यह ज्यादातर मानसिक पहलू और राउंड को सही तरीके से पूरा करने के बारे में है, ताकि वह अपना सर्वश्रेष्ठ दे पाएं और अच्छा प्रदर्शन कर सकें।
कायनन के मामले में कहूं तो उन्हें फिर से अपनी बेस्ट फॉर्म में लाने के लिए कई बदलाव जरूरी थे। हमने उनका बैरल और गन बदल दिया। उन्होंने वही एक्शन और स्टॉक रखा, लेकिन काफी बदलाव करने पड़े।
हमारी टीम और हमारे स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट तेजस्वी करनवाल का मकसद उन्हें वर्तमान में बनाए रखना और एक बार में एक टारगेट पर ध्यान केंद्रित करवाना था।
सवाल: शॉटगन इवेंट में इटली, अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों का दबदबा रहा है। इस मामले में भारत की स्थिति कैसी है?
पीटर विल्सन: यह कहना सही होगा कि ज्यादातर देशों का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला होता है। साल 2000 से पहले ब्रिटेन का उदाहरण लें। 1968 के मैक्सिको ओलंपिक में बॉब ब्रेथवेट के गोल्ड मेडल के बाद हमने 32 वर्षों तक कोई भी ओलंपिक मेडल नहीं जीता था।
सिडनी ओलंपिक में रिचर्ड फॉल्ड्स का डबल ट्रैप गोल्ड और इयान पील का ट्रैप सिल्वर मेडल सफलता का एक ऐसा दौर था जो कुछ समय तक बना रहा। फिर पेरिस ओलंपिक में नेथन हेल्स ट्रैप चैंपियन बने।
आंशिक रूप से ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि सही सिस्टम और फंडिंग मौजूद थी। मैं कहूंगा कि NRAI बहुत अच्छा काम करता है। मैं व्यक्तिगत रूप से चाहूंगा कि पूरे भारत में और ज्यादा शूटिंग रेंज हों।
इटली में हर 50 मील या उससे कम दूरी पर शूटिंग रेंज हैं। कुछ हद तक, यूके में भी ऐसा ही था। अब दुख की बात है कि यूके में रेंज कम हो रही हैं, क्योंकि वह एक घनी आबादी वाला द्वीप है और शूटिंग रेंज में बहुत शोर होता है।
भारत के बारे में मैं कहूंगा कि ऐसा नहीं है कि रेंज बंद हो रही हैं, बल्कि नई रेंज खुल नहीं रही हैं। अगर भारत भविष्य में ओलंपिक की मेजबानी करने को लेकर गंभीर है तो उसे ऐसे खेल चुनने होंगे जिनमें वह बेहतर प्रदर्शन कर पाए।
निशानेबाजी निस्संदेह उनमें से एक है। उन्हें (एनआरएआई) ज्यादा टैलेंट को सामने लाने के लिए और अधिक सुविधाएं बनानी होंगी।
सवाल: भारत के पास राज्यवर्धन राठौड़, मानवजीत सिंह संधू और रंजन सोढ़ी जैसे शूटर रहे हैं। आप मौजूदा निशानेबाजों को कैसे देखते हैं?
पीटर विल्सन: मुझे भारतीय टीम में बहुत टैलेंट दिखता है। कुछ समय पहले मैं दुनिया के बेहतरीन निशानेबाजों के साथ मुकाबला कर रहा था। जैसे डबल ट्रैप में सोढ़ी और अपने करियर के आखिरी दौर में राठौड़। वे शानदार एथलीट और प्रतिद्वंद्वी थे।
भारतीय निशानेबाजों की मौजूदा पीढ़ी में भी मुझे वही खूबियां दिखती हैं। अब यह मुझ पर और पूरी सपोर्ट टीम पर है कि हम प्रतिदिन उनसे उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवा पाएं। यह बंदूक, गोला-बारूद और उनके शरीर तथा दिमाग से जुड़ी जरूरी चीजों में थोड़ा बदलाव करने के बारे में है।

सवाल: आप आगे का रास्ता कैसे देखते हैं?
पीटर विल्सन: हमारा लक्ष्य ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। यह आसान काम नहीं है, लेकिन मैंने इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए काम शुरू किया है। मैं खुदकिस्मत हूं कि अहमद अल मकतूम के मार्गदर्शन में ओलंपिक चैंपियन बना था। इसके बाद मैंने पेरिस ओलंपिक में नाथन हेल्स को चैंपियन बनाने में मदद की।
इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हम सभी को बहुत मेहनत करनी होगी। इसमें कोच, सहयोगी स्टाफ और मैं खुद भी शामिल हूं। खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान अपनी क्षमता से आगे बढ़कर मेहनत करनी होगी। अक्सर लोग ऐसा करने से बचते हैं। यह सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में होता है।
मैं उसी सोच के साथ काम करता हूं, जिस सोच के साथ अहमद अल मकतूम ने मुझे ट्रेनिंग दी थी। मेरी फिलॉसफी है- अभ्यास इतना कठिन करो कि मुकाबला आसान लगे।
सवाल: तकनीकी तौर पर भारतीय निशानेबाजों को और क्या करने की जरूरत है?
पीटर विल्सन: इस सवाल का जवाब देना थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि निशानेबाजी में कई बारीकियां होती हैं। इसमें बंदूक की बोर (नली के अंदर का व्यास) के अलग-अलग आकार से लेकर उसकी नली में बदलाव करने और उसे बेहतर बनाने से जुड़ी कई तकनीकी बातें शामिल हैं।
बंदूक की नली के अंदरूनी हिस्से में कुछ बदलाव किए जाते हैं, ताकि गोली या छर्रों के निकलने के तरीके और बंदूक के प्रदर्शन को बेहतर बनाया जा सके। इसके अलावा, नली के मुहाने पर पोर्टिंग यानी छोटे छेद करने जैसी तकनीक भी है। मैं इसका बड़ा समर्थक हूं। हालांकि, इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) ने बंदूक के मुहाने से 20 सेंटीमीटर के दायरे में पोर्टिंग पर रोक लगा रखी है।
इसके बाद बंदूक के रब सेटअप, अलग-अलग तरह के बीड (निशाना साधने में मदद करने वाले छोटे संकेतक) और गन के स्टॉक यानी उस हिस्से पर ध्यान देना होता है, जिसे कंधे से टिकाकर निशाना साधा जाता है। इन सभी चीजों में छोटे-छोटे बदलाव करके हर निशानेबाज की बंदूक को उसकी जरूरत के मुताबिक बेहतर बनाया जा सकता है।
यह ऐसा क्षेत्र है, जिसमें मुझे खास दिलचस्पी है और मुझे अपने काम पर गर्व है। मैंने अपने कोच और 2004 ओलंपिक के डबल ट्रैप चैंपियन अहमद अल मकतूम के साथ भी इन तकनीकी पहलुओं पर काफी काम किया था।
मेरा जोर इस बात पर है कि शूटिंग की बंदूक में सही बदलाव किये जाएं। उसके साथ उपयुक्त गोला-बारूद का इस्तेमाल हो। इससे उड़ते हुए मिट्टी के लक्ष्य (क्ले टारगेट) को निशाना बनाकर तोड़ने की उसकी संभावना बेहतर होती है।
एशियन गेम्स में खराब प्रदर्शन करने वालों का होगा हिसाब, अनुभवी खिलाड़ियों और TOPS फंडिंग की समीक्षा करेगा खेल मंत्रालय
एशियन गेम्स 2026 में भारत के प्रदर्शन पर अब समीक्षा की तैयारी है। खेल मंत्रालय 13 अक्टूबर को राष्ट्रीय महासंघों के साथ बैठक करेगा। बैठक में अनुभवी खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन के साथ TOPS फंडिंग और चोटों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
