एशियाई खेलों में 8 साल बाद क्रिकेट की वापसी हुई है। वहीं, पहली बार ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के एथलीट्स इन खेलों में हिस्सा लेंगे। 2022 एशियाई खेलों का आयोजन चीन के हांग्जो, झेजियांग में 10 से 25 सितंबर के बीच होना है। इन खेलों के मुकाबले 5-6-शहरों में खेले जाएंगे। इस मल्टी-स्पोर्टिंग इवेंट में कुल 61 डिसप्लिन्स के 40 खेल शामिल होंगे।
इन खेलों में तैराकी, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, घुड़सवारी, तलवारबाजी, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, और जैसे कई अन्य ओलंपिक खेल भी शामिल हैं। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) की मुहर लगने के बाद 2022 एशियाई खेलों में ई-स्पोर्ट्स और ब्रेकडांसिंग भी शामिल होंगे। दर्शकों का रोमांच बढ़ाने के लिए एशियाई खेल 2022 में टी20 क्रिकेट को भी शामिल किया गया है।
सबसे पहले 2010 एशियाई खेलों में क्रिकेट को शामिल किया गया था। तब बांग्लादेश की टीम ने पुरुषों और पाकिस्तान की टीम ने महिलाओं का गोल्ड मेडल जीता था। साल 2014 में हुए एशियाई खेलों में भी क्रिकेट शामिल रहा। तब पुरुषों में श्रीलंका और महिलाओं में पाकिस्तान की टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। उसके बाद के संस्करण में क्रिकेट शामिल नहीं रहा। अब 8 साल बाद एशियाई खेलों में फिर क्रिकेट की वापसी हुई है।
भारत एशिया ओलंपिक परिषद (ओसीए) के दक्षिण एशियाई क्षेत्र का सदस्य है। भारत उन 7 देशों में से इकलौता है, जिसने एशियाई खेलों के सभी संस्करणों में हिस्सा लिया है। भारत ने हर एशियाई खेलों में कम से कम एक स्वर्ण पदक जीता है। साल 1990 में हुए एशियाई खेलों को छोड़ दिया जाए तो भारत ने हमेशा पदक तालिका के शीर्ष-10 में स्थान बनाया है।
भारत ने अब तक एशियाई खेलों में 139 स्वर्ण, 178 रजत और 299 कांस्य पदक जीते हैं। भारत का पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन रहा था। ऐसे में उसकी कोशिश इस साल एशियाई खेलों की पदक तालिका में भी उल्लेखनीय वृद्धि करने की होगी।
साल 2022 में एशियाई खेलों के 19वें संस्करण का आयोजन होना है। इस साल ओशिनिया देशों के 300 से अधिक एथलीट्स को भी इन खेलों में प्रतिस्पर्धा करने का मौका दिया गया है। एशियाई खेलों में पहली बार ओशिनियाई देशों के एथलीट्स हिस्सा लेंगे।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के एथलीट्स समेत ओशिनिया एथलीट्स को 5 खेलों में प्रतिस्पर्धा करने की मंजूरी होगी। ये खेल ट्रायथलान, एथलेटिक्स, वुशु, रोलर स्केटिंग और भारोत्तोलन हैं।
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएन) ने नवंबर 2021 से सितंबर 2023 तक 2022 एशियाई खेलों के लिए विशेष अधिकार हासिल किए हैं। सोनी एशियाई खेलों के 19वें संस्करण को भारत समेत पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, अफगानिस्तान, भूटान और मालदीव समेत पूरे उपमहाद्वीप में अपने खेल चैनलों पर प्रसारित करेगा। यह टूर्नामेंट ओटीटी प्लेटफार्म सोनीलिव (SONY LIV) पर भी उपलब्ध होगा।