भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास की सबसे सफल टीम है। साल 2011 में टूर्नामेंट के पहले संस्करण में खिताब जीतने से शुरू हुआ भारत का सफर 2024 में चीन को हराकर 5वीं ट्रॉफी तक पहुंचा।
इस दौरान कभी भारत ने शूटआउट में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात दी तो कभी फाइनल में 1-3 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मलेशिया को हराया। साल 2018 में बारिश के कारण फाइनल पूरा नहीं हो पाया, जिसके बाद भारत-पाकिस्तान संयुक्त विजेता बने।
अब 27 अक्टूबर से पंजाब के जालंधर और मोहाली में होने वाले टूर्नामेंट में भारतीय टीम की नजर छठी बार चैंपियन बनने पर होगी। टूर्नामेंट का फाइनल पांच नवंबर को होगा। आइए, जानते हैं एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की पांच खिताबी जीत की कहानी।
2011: शूटआउट में पाकिस्तान को हराकर बना पहला चैंपियन
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण 2011 में चीन के ऑर्डोस में खेला गया था। इसमें भारत, पाकिस्तान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और जापान की छह टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हुआ।
दोनों टीमों के बीच मुकाबला तय समय तक गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद शूटआउट में भारतीय टीम ने 4-2 से जीत दर्ज की। इस रोमांचक जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट का पहला खिताब अपने नाम किया।
साल 2012 के संस्करण में पाकिस्तान चैंपियन बना और भारत को उप विजेता से संतोष करना पड़ा। इसके बाद 2013 में भारत फाइनल में भी जगह नहीं बना पाया।
2016: कुआंतन में दूसरी बार लहराया भारत का परचम
2013 के संस्करण के बाद एशियन चैंपियंस ट्रॉफी तीन साल के अंतराल के बाद 2016 में मलेशिया के कुआंतन में लौटी। इस संस्करण में भी भारत, पाकिस्तान, चीन, मलेशिया, साउथ कोरिया और जापान की टीमें शामिल थीं। भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया।
फाइनल में उसका सामना फिर पाकिस्तान से हुआ। भारत ने 3-2 से जीत हासिल कर दूसरी बार खिताब जीता। भारत की ओर से रुपिंदर पाल सिंह, अफ्फान यूसुफ और निकिन थिमैया ने गोल किये। पाकिस्तान के खिलाफ एक और खिताबी जीत ने टूर्नामेंट में भारत की स्थिति को और मजबूत किया।
2018: बारिश के कारण भारत और पाकिस्तान बने संयुक्त विजेता
भारत का तीसरा खिताब 2018 में ओमान की राजधानी मस्कट में आया। टूर्नामेंट के पांचवें संस्करण में भारत, पाकिस्तान, जापान, मलेशिया, ओमान और दक्षिण कोरिया ने हिस्सा लिया। भारत और पाकिस्तान ने फाइनल में जगह बनाई, लेकिन लगातार बारिश के कारण मुकाबला पूरा नहीं हो सका।
दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। इस तरह भारत ने तीसरी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। हालांकि, यह जीत सामान्य फाइनल मुकाबले में मिली जीत से अलग थी, लेकिन इससे उसके खिताबों की संख्या तीन हो गई। साल 2021 में भारत तीसरे स्थान पर रहा।
2023: चेन्नई में 1-3 से पिछड़ने के बाद मलेशिया को दी मात
साल 2023 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का सातवां संस्करण पहली बार भारत में आयोजित हुआ। चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के सामने खेली भारतीय टीम के पास फिर खिताब जीतने का मौका था।
फाइनल में उसका सामना मलेशिया से हुआ। मुकाबले में मलेशिया ने शानदार शुरुआत की और हाफ टाइम तक 3-1 की बढ़त बना ली। भारत के सामने दो गोल का अंतर पाटने की चुनौती थी। हालांकि, मेजबान ने हार नहीं मानी। मैच के अंतिम 16 मिनट में 3 गोलकर मैच का रुख बदल दिया।
हरमनप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह और आकाशदीप सिंह ने भारत की वापसी में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम ने 4-3 से जीत दर्ज कर चौथी बार खिताब जीता। इस जीत के साथ भारत एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास की सबसे सफल टीम बन गया।
2024: चीन को उसी की धरती पर हराकर 5वीं बार चैंपियन
2023 की खिताबी जीत के बाद भारतीय टीम ने 2024 में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। चीन के हुलुनबुइर में हुए टूर्नामेंट के आठवें संस्करण में भारत का लक्ष्य खिताब का बचाव करना था। भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बनाई, जहां उसका सामना मेजबान चीन से हुआ।
मोक्वी हॉकी ट्रेनिंग बेस में खेले गए फाइनल में दोनों के बीच कड़ी टक्कर हुई। भारत की ओर से जुगराज सिंह ने निर्णायक गोल दागा। टीम ने 1-0 से जीत हासिल की। इसके साथ भारत ने लगातार दूसरी और कुल 5वीं बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीती और टूर्नामेंट में अपनी बादशाहत बरकरार रखी।
अब पंजाब में छठे खिताब पर नजर
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के आठ संस्करणों में भारत पांच बार खिताब जीत चुका है। उसके पांच खिताबों में 2011 और 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत, 2018 का संयुक्त खिताब, 2023 में मलेशिया के खिलाफ यादगार वापसी और 2024 में चीन के खिलाफ मिली जीत शामिल हैं।
टूर्नामेंट का अगला संस्करण 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के जालंधर (ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम) और मोहाली (ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम) में होना है। भारतीय टीम घरेलू मैदान पर अपना छठा खिताब जीतने की कोशिश करेगी।
भारत का शेड्यूल: 27 को बांग्लादेश से पहला मैच
इस टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन भारत सहित एशिया के छह प्रमुख हॉकी देश मलेशिया, जापान, साउथ कोरिया, चीन और बांग्लादेश हिस्सा लेंगे। भारत का मुकाबला 27 अक्टूबर को बांग्लादेश से होगा।
इसके बाद 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, एक नवंबर को मलेशिया और दो नवंबर को साउथ कोरिया से मैच खेलेगा। भारत के सभी 5 लीग मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होंगे। टूर्नामेंट में 28 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 3 नवंबर को तीन दिन का आराम (रेस्ट डे) होगा।
भारत में खेले जाने वाले एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट से पाकिस्तान बाहर, बांग्लादेश को मिला मौका
भारत में होने वाले एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट 2026 से पाकिस्तान के हटने के बाद बांग्लादेश को इसमें शामिल किया गया। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अक्टूबर से होगी जो 5 नवंबर तक चलेगा। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
