एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 हॉकी टूर्नामेंट में गत चैंपियन भारत का अजेय अभियान जारी है। भारतीय टीम ने सोमवार दो नंवबर 2026 को अपने पांचवें और आखिरी राउंड रॉबिन मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 8-0 से करारी शिकस्त देकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत 15 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर रहा।

भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह ने दो गोल किये, जबकि जुगराज सिंह, हरमनप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, संजय और अंगद बीर सिंह ने 1-1 गोल किया। टूर्नामेंट का अंतिम चरण अब मोहाली में होगा। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मैच में बुधवार को भारत का सामना फिर दक्षिण कोरिया से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल मैच में मलेशिया का सामना जापान से होगा।

एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम के बाद जापान, एशियन गेम्स की रजत पदक विजेता मलेशिया और दक्षिण कोरिया का स्थान रहा। इससे पहले भारत ने टूर्नामेंट में बांग्लादेश को 13-0, चीन को 5-2, जापान को 4-1 और मलेशिया को 4-2 से हराया था।

स्ट्राइकर दिलप्रीत सिंह (8वें और 40वें मिनट) ने दो गोल किये, जबकि भारत के लिए अन्य गोल जुगराज सिंह (11वें), हरमनप्रीत सिंह (15वें), शिलानंद लकड़ा (33वें), सुखजीत सिंह (34वें), संजय (36वें) और अंगद बीर सिंह (60वें) ने किये।

भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की और चौथे मिनट में ही गोल करने का पहला प्रयास किया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पास पर सुखजीत सिंह ने सर्कल के ऊपरी हिस्से से एक ‘रिवर्स हिट’ लगाई, लेकिन दक्षिण कोरिया के सतर्क गोलकीपर जेह्योन किम ने उसे अपने दस्तानों से रोक दिया।

चार मिनट बाद भारत ने दिलप्रीत सिंह के जरिये बढ़त बना ली। जरमनप्रीत सिंह से मिले पास पर उन्होंने एक बेहतरीन रिवर्स हिट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचा दिया। कोरियाई टीम जब 11वें मिनट में लगातार मिले पेनल्टी कॉर्नर्स का फायदा उठाने में नाकाम रही तब जुगराज ने रिबाउंड पर गोल कर दिया और भारत ने अपनी बढ़त दोगुनी कर दी।

हाफ टाइम तक भारत ने बनाई थी 3-0 की बढ़त

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीयों का दबदबा जारी रहा। दूसरा क्वार्टर शुरू होने के महज 30 सेकंड बाद ही भारत ने अपनी बढ़त बढ़ाई। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने टीम को मिले तीसरे पेनल्टी कॉर्नर को शानदार तरीके से गोल में बदला। उन्होंने एक जोरदार ‘लो फ्लिक’ लगाई जो कोरियाई गोलकीपर के दाईं ओर से निकल गई।

0-3 से पिछड़ने के बाद कोरियाई खिलाड़ियों ने दूसरे क्वार्टर में कुछ तत्परता दिखाई और 18वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये, लेकिन वे इन मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रहे।

दक्षिण कोरिया को 24वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहा। इसके तुरंत बाद भारत ने अपने चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड से गोल किया, लेकिन ‘बैक-स्टिक’ नियम के उल्लंघन के कारण इस गोल को अमान्य करार दिया गया।

हाफ-टाइम के बाद भारतीय टीम ने जोरदार शुरुआत की और दूसरे हाफ के तीसरे मिनट में ही लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिए। इस बार जुगराज सिंह के एक वेरिएशन वाले फ्लिक को कोरियाई गोलकीपर किम ने रोक दिया, लेकिन रिबाउंड पर इंजेक्टर शिलानंद ने गोल कर दिया।

एक मिनट बाद, हरमनप्रीत और संजय के बेहतरीन पास पर सुखजीत ने फील्ड गोल करके भारत की बढ़त को और बढ़ा दिया। कुछ ही मिनटों बाद संजय ने शानदार फील्ड गोल करके स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज कराया।

Asian Champions Trophy, India vs South Korea, India vs South Korea Hockey Match Results
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में साउथ कोरिया के खिलाफ भारत की 8-0 की शानदार जीत में भारतीय डिफेंडर संजय ने बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन किया और एक गोल भी दागा। इसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। (फोटो सोर्स- X/@TheHockeyIndia)

भारत ने खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा। एक मिनट बाद उसे सातवां पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह इस मौके का फायदा नहीं उठा पाया। 40वें मिनट में दिलप्रीत ने दिन का अपना दूसरा गोल किया।

दिलप्रीत सिंह ने हरमनप्रीत की ओर से हवा में आई गेंद को अच्छे से रिसीव किया और फिर सर्कल के अंदर से संजय के शॉट को हल्का सा डिफ्लेक्ट करके गोल में बदल दिया। 43वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह इस मौके को गंवा बैठा।

भारत के लिए गोलों की बारिश हो रही थी। 60वें मिनट में स्ट्राइकर अंगद बीर सिंह ने रिवर्स हिट से फील्ड गोल करके स्कोर पूरा किया। मैच खत्म होने का हूटर बजने से ठीक एक सेकंड पहले दक्षिण कोरिया को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह दोनों मौकों को भुनाने में नाकाम रहा।

Hockey Asian Champions Trophy 2026: कब और कहां होंगे मैच, जानें शेड्यूल, भारत में टीवी पर सीधे प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल

Asian Champions Trophy 2026, India Hockey Match Schedule, Venue: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का पूरा शेड्यूल, भारत में लाइव स्ट्रीमिंग और टीवी पर प्रसारण से जुड़ी जानकारी जानने के लिए क्लिक करें।