वीनू मांकड ट्रॉफी 2026 के 43वें मैच में कर्नाटक की अंडर 19 टीम ने दिल्ली की अंडर 19 टीम को 198 रन से मात दी। इस मुकाबले में आमने-सामने थे दिग्गज खिलाड़ी राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग। भारतीय अंडर 19 टीम के लिए एकसाथ खेलने वाले यह दोनों खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में आमने-सामने आए।

अन्वय द्रविड़ ने यहां बाजी मारी, जिन्होंने कर्नाटक की कप्तानी करते हुए 41 गेंद पर 85 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 207 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 5 छक्के लगाए। 49 ओवर के इस मुकाबले में पहले खेलते हुए कर्नाटक की टीम ने 4 विकेट पर 418 रन बनाए। अन्वय के अलावा ध्रुव कृष्णन ने 103 और नितीश आर्या ने 111 रन की पारियां खेलीं।

आर्यवीर सहवाग का नहीं चला बल्ला

419 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर्यवीर सहवाग की कप्तानी वाली दिल्ली की टीम 41.1 ओवर में 220 रन बनाकर सिमट गई। दिल्ली के लिए अभिराज गगन सिंह ने सर्वाधिक 59 रन बनाए। वहीं कप्तान सहवाग 35 गेंद पर सिर्फ 32 रन ही बना सके। कर्नाटक की टीम के लिए ध्यान एम हेमीरथ ने 19 रन देकर 5 विकेट झटके। जबकि रतन बीआर और सी. वैभव को 2-2 सफलताएं मिलीं।

आपको बता दें कि वीनू मांकड अंडर 19 टूर्नामेंट के एलीट स्टेज में कुल 30 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पांच एलीट ग्रुप में 6-6 टीमों को बांटा गया है। दिल्ली और कर्नाटक के बीच यह ग्रुप ई का मुकाबला था। इस ग्रुप में अपने तीन में से दो मैच जीतते हुए अन्वय द्रविड़ की कप्तानी वाली कर्नाटक की टीम 8 अंक के साथ टॉप पर है। वहीं दिल्ली की टीम तीन में से दो मैच हारकर आखिरी यानी छठे स्थान पर है।

वीनू मांकड अंडर 19 टूर्नामेंट 2026 के ग्रुप E की अंकतालिका

क्रमांकटीम मैच खेले जीते हारे टाई बेनतीजाअंक नेट रन रेट
1कर्नाटक अंडर-19 321008+1.722
2हिमाचल प्रदेश अंडर-19 321008+0.477
3चंडीगढ़ अंडर-19 321008+0.12
4झारखंड अंडर-19 312004-0.388
5गुजरात अंडर-19 312004-0.484
6दिल्ली अंडर-19 312004-1.538

Ranji Trophy: तुषार देशपांडे ने हैट्रिक के बाद खोला पंजा, 78 रन पर ढेर चंडीगढ़; मुंबई ने दिया फॉलोऑन

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के अपने पहले मैच में ही तुषार देशपांडे ने जलवा दिखा दिया है। चंडीगढ़ की पूरी टीम 429 रन के जवाब में 78 रन पर सिमट गई। तुषार देशपांडे ने पहले हैट्रिक ली और बाद में पंजा भी खोला। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर