भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज के 3 मैच खेले जा चुके हैं जिसमें बारिश की वजह से पहला मैच नहीं खेला जा सका था, लेकिन इसके बाद टीम इंडिया को दूसरे और तीसरे मैच में लगातार हार मिली। यानी भारत इस सीरीज में 0-2 से पीछे है और उसे इस सीरीज को बराबर करने के लिए अपने अगले दोनों मैच किसी भी तरह से जीतने होंगे, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ ऐसा करना क्या आसान होगा।

दोनों देशों के बीच इस टी20 सीरीज का चौथा मैच अब ब्रिस्टल में गुरुवार को रात 10.00 बजे से खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए क्या भारत को अपनी प्लेइंग इलेवन में किसी तरह का बदलाव करना चाहिए या नहीं इससे बारे में अनिल कुंबले ने बताया। वहीं कुंबले से ये भी पूछा गया कि क्या तिलक वर्मा को बाहर करना चाहिए जिन्होंने पिछले 3 मैचों में कुछ खास नहीं किया है तो उन्होंने इसका भी जवाब दिया।

तिलक को मिलना चाहिए एक और मौका

अनिल कुंबले ने जियो हॉटस्टार पर बात करते हुए कहा कि चौथे मैच के लिए मुझे नहीं लगता कि आप कोई बदलाव करना चाहेंगे क्योंकि इसी तरह से टीम का आत्मविश्वास बढ़ता है। वहीं तिलक वर्मा टीम के उप-कप्तान हैं। आपने उन्हें एक जिम्मेदारी दी है साथ ही मुझे लगता है कि उन्हें एक और मौका दिया जाना चाहिए।

कुंबले ने आगे कहा कि बात बस भरोसा बनाने और इस बात पर सोच-विचार करके योजना बनाने की है कि क्या किया जा सकता था और यह पक्का करने की है कि आप बॉलिंग की शुरुआत उसी सोच के साथ करें। कुंबले ने कहा कि मुझे लगा कि भारत ने बस बाउंड्रीज को देखा और उसी तरफ बॉलिंग की। तीसरे मैच में मैनचेस्टर में एक तरफ की बाउंड्री थोड़ी बड़ी थी और दूसरी तरफ की छोटी। उन्होंने बहुत जल्दी यह सोच लिया कि उन्हें बड़ी बाउंड्री की तरफ बॉलिंग करनी है।

हर्षित को ऊपर भेजना गलत फैसला

ब्रिस्टल में होने वाले चौथे मैच को लेकर कुंबले ने कहा कि बात बस नजरिए की है। ब्रिस्टल के हालात के हिसाब से खुद को ढालना जो भी स्थिति आपके सामने हो और यह पक्का करना कि आपके सबसे अच्छे बल्लेबाज ही बैटिंग करें। हर्षित राणा को बैटिंग क्रम में ऊपर भेजने पर उन्होंने कहा कि ठीक है आपने एक बार अक्षर पटेल को ऊपर भेजा था, लेकिन जब आप 202 रन का पीछा कर रहे हों तो शिवम दुबे से पहले हर्षित राणा को नहीं भेज सकते। ऐसा करके आप किसी चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं तो ऐसा होने वाला नहीं है।

श्रेयस ने बताया भारत को क्यों मिली टी20 इतिहास की सबसे बड़ी हार, सीरीज में 2-0 से पिछड़ गई टीम इंडिया

भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि टीम इंडिया ने कहां पर मैच गंवा दिया। इस मैच में जोफ्रा आर्चर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया जिन्होंने 3 विकेट लिए। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)