भारत की अंडर-19 के पूर्व और पंजाब के मध्यम तेज गेंदबाज अमनप्रीत सिंह गिल का बुधवार 6 मई को चंडीगढ़ में 36 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। फिलहाल उनकी मौत का कारण पता नहीं चल पाया है। अमनप्रीत गिल अंडर-19 टीम में विराट कोहली के साथी रहे थे। अमनप्रीत गिल ने पंजाब के लिए छह प्रथम श्रेणी मैच खेले और उसमें 11 विकेट लिए।
अमनप्रीत गिल आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के पहले सीजन में पंजाब फ्रेंचाइजी (किंग्स इलेवन पंजाब) का भी हिस्सा रहे थे। बाद में उन्होंने पंजाब की सीनियर चयन समिति के सदस्य के रूप में भी काम किया।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन, पंजाब के पूर्व क्रिकेटर और सीनियर चयन समिति के सदस्य अमनप्रीत सिंह गिल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करता है। हम दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत देने की प्रार्थना करते हैं।’’
भारत के दो बार विश्व कप विजेता ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी अमनप्रीत गिल को श्रद्धांजलि दी। युवराज सिंह ने लिखा, ‘‘अमनप्रीत सिंह गिल के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। शुरुआती दिनों में हमने साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था। वह शांत स्वभाव के, मेहनती और क्रिकेट से बेहद प्यार करने वाले खिलाड़ी थे। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।’’
अमनप्रीत गिल ने 2007 में भारत के लिए पांच यूथ वनडे और एक यूथ टेस्ट मैच खेला था। अमनप्रीत गिल ने लंबे प्रारूप में श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर तिसारा परेरा का विकेट भी लिया था। हालांकि, वह विराट कोहली की कप्तानी वाली उस भारतीय अंडर-19 टीम में जगह नहीं बना सके थे, जिसने 2008 का विश्व कप जीता था।
पंजाब किंग्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, ‘‘अमनप्रीत सिंह गिल के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने पंजाब का प्रतिनिधित्व किया और पंजाब किंग्स परिवार का हिस्सा रहे। उनके परिवार, दोस्तों और पूरे क्रिकेट जगत के प्रति हमारी संवेदनाएं।’’
IPL 2026 Points Table: हैदराबाद-पंजाब मैच के बाद अंकतालिका, टॉप-5 बैटर-बॉलर; वैभव से ऊपर इशान, संजू आउट
आईपीएल 2026 के 49वें मैच के बाद अंकतालिका में बड़ा बदलाव हुआ और पंजाब किंग्स की टीम दूसरे और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीसरे नंबर पर खिसक गई। ऑरेंज कैप हेनरिक क्लासेन के पास है, जबकि टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में इशान किशन अब वैभव सूर्यवंशी से ऊपर आ गए। (पूरी अंक तालिका देखने के लिए क्लिक करें)
