इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलेस्टेयर कुक ने जसप्रीत बुमराह की टेस्ट में मैच जिताने की काबिलियत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने 2015 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज टेस्ट में स्टुअर्ट ब्रॉड के 15 रन देकर 8 विकेट वाले स्पेल का उदाहरण देते हुए कहा कि बुमराह ने कभी पूरी विपक्षी टीम को नहीं निपटाया। 40 साल के कुक ने भारतीय गेंदबाज की तारीफ करते हुए उन्हें ‘सभी फॉर्मेट का सबसे अच्छा गेंदबाज’ बताया, लेकिन इस बात पर शक जताया कि वह विकेट लेने के साथ-साथ किफायती भी हो सकते हैं।
स्टिक टू क्रिकेट पॉडकास्ट पर कुक ने कहा, ‘क्या वह टेस्ट क्रिकेट में मैच जिताने वाले स्पेल के मामले में बेस्ट हैं? बिना किसी शक के मुझे लगता है कि वह सभी फॉर्मेट के बेस्ट बॉलर हैं। मेरा मतलब है आप यह आसानी से कह सकते हैं, लेकिन क्या उन्होंने किसी टेस्ट मैच में 15 रन देकर 8 विकेट जैसा स्पेल किया है या वह उस तरह के बॉलर नहीं हैं?’
मैच में 10 नहीं ले पाए बुमराह
टेस्ट क्रिकेट में बुमराह ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2019 में किया था। उन्होंने जमैका में 27 रन देकर 6 विकेट लिए। इसमें एक हैट्रिक भी शामिल थी। कुल मिलाकर उन्होंने टेस्ट में 16 बार एक पारी में 5 विकेट लिए हैं, लेकिन अभी तक मैच में 10 विकेट नहीं लिए हैं। 86 रन देकर 9 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में 14 विकेट लिए
इंग्लैंड के एक और पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कहा कि बुमराह अब तक के सबसे अच्छे गेंदबाज हैं और क्रिस्टियानो रोनाल्डो या लियोनेल मेसी जैसी आभा रखते हैं। 32 साल के बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में 14 विकेट लिए, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 15 रन देकर 4 विकेट भी शामिल है। यह उनकी दूसरी टी20 वर्ल्ड कप जीत थी। इससे पहले वे 2024 की जीत में भी शामिल थे, जहां उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।
यह भी पढ़ें: ‘शुरू से ही चुनौतियां पसंद’,भारत के टी20 वर्ल्ड कप जीतने में अहम भूमिका निभाने पर बोले बुमराह
