Australia vs Pakistan: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल में जीत हासिल करने के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पोस्ट वायरल है। इस पोस्ट में शहबाज शरीफ ने पाकिस्तानी टीम और पीसीबी के चेयरमैन की तारीफ की है। हालांकि, इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनका खूब मजाक उड़ रहा है।
शहबाज शरीफ ने अपने ‘X’ हैंडल पर लिखा, ‘पहले T20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए टीम पाकिस्तान को बहुत बधाई। मैं PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी और उनकी पूरी टीम की भी तारीफ करता हूं, जिन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट को मजबूत बनाने के लिए अथक प्रयास किए। यह देश के लिए गर्व का पल है।’ इसी पोस्ट को लेकर शहबाज शरीफ का खूब मजाक उड़ा।
शहबाज शरीफ का उड़ा मजाक
@AjayJadeja171 ने शहबाज शरीफ की पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, ‘पाकिस्तानी लोगों की छोटी-छोटी खुशियां। किसी द्विपक्षीय सीरीज का पहला मैच जीतने के बाद पहली बार किसी पीएम का ट्वीट देखा। जारी रखें सर।’ इसी यूजर ने पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया पहले टी20 मैच की वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा, ‘ये पाकिस्तान के थर्ड अंपायर हैं या कॉमेडियन। वीडियो पूरा देखें, यहां तक कमेंटेटर भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।’ शहबाज शरीफ की पोस्ट पर अन्य बहुत से यूजर भी मजे ले रहे हैं।
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पहले टी20 मैच में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 22 रन से हरा दिया। पाकिस्तान की यह जीत टी20 फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आठ साल बाद आई है। बता दें कि पाकिस्तान के खिलाफ इस टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम अपने कई मुख्य खिलाड़ियों के बिना खेल रही है।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैचो की टी20 सीरीज का पहला मैच 29 जनवरी को लाहौर में खेला गया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन पर आउट हो गई और मेजबान ने 22 रन से मैच अपने नाम किया। सैम अयूब को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सैम अयूब ने 40 रन की पारी खेली और 2 विकेट भी झटके।
