बांग्लादेश सरकार ने बीते दिनों सुरक्षा चिंताओं के कारण टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए अपनी क्रिकेट टीम को भारत भेजने से मना कर दिया था। उसने अगले महीने होने वाली एशियन राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप के लिए अपने निशानेबाजों को भारत जाने की मंजूरी दे दी है। टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में होगा। शूटिंग चैंपियनशिप 2 से 14 फरवरी तक दिल्ली के डॉ. करणी सिंह रेंज में होगी। इसमें 17 देशों के 300 से ज्यादा निशानेबाज हिस्सा लेंगे।

बांग्लादेश की तरफ से दो राइफल निशानेबाज हिस्सा लेंगे, जो कुल तीन इवेंट में मुकाबला करेंगे। ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटने के बाद उसकी शूटिंग टीम भी ‘सुरक्षा चिंताओं’ के कारण टूर्नामेंट से हट सकती है। हालांकि, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने बुधवार (28 जनवरी) को पीटीआई को बताया कि पड़ोसी देश के खिलाड़ी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं।

एनआरएआई का बयान

एनआरएआई के सचिव राजीव भाटिया ने कहा, ‘अभी तक ऐसी कोई खबर नहीं है कि बांग्लादेश की टीम नहीं आ रही है। उनकी टीम आ रही है, इसमें कोई शक नहीं है। हम एनआरएआई में उनके (बांग्लादेश फेडरेशन के अधिकारियों) के साथ बराबर संपर्क में हैं। विदेश मंत्रालय ने अपनी मंजूरी दे दी है और हमने इसे वीजा प्रोसेस के लिए (भारतीय) दूतावास को भेज दिया है।’

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का शेड्यूल, ये है वेन्यू और दिन समेत पूरी जानकारी

बांग्लादेश के ये शूटर लेंगे हिस्सा

बांग्लादेश की तरफ से 21 साल की महिला राइफल शूटर आरिफिन शायरा और 26 साल के ओलंपियन मोहम्मद रोबिउल इस्लाम हिस्सा लेंगे। ये दोनों 10 मीटर एयर राइफल शूटर पहले व्यक्तिगत स्पर्धा में हिस्सा लेंगे और फिर मिक्स्ड टीम कॉम्पिटिशन के लिए टीम बनाएंगे। ढाका के डेली सन में बुधवार को छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश सरकार ने शूटिंग टीम के भारत दौरे को मंजूरी दे दी है।

बांग्लादेश ने जी मंजूरी

रिपोर्ट में कहा गया, ‘युवा और खेल मंत्रालय ने बुधवार को ऑफिशियल सरकारी ऑर्डर (GO) जारी किया, जिसमें टीम को 2 से 14 फरवरी तक होने वाली चैंपियनशिप में हिस्सा लेने की मंजूरी दी गई। यह फैसला तब आया है जब बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से पहले टी20 वर्ल्ड कप के लिए राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का भारत दौरा रद्द कर दिया था।’

शूटिंग चैंपियनशिप नहीं होगा जोखिम

रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश सरकार का मानना ​​है कि शूटिंग चैंपियनशिप में कोई खास सुरक्षा जोखिम नहीं होगा, क्योंकि यह चैंपियनशिप एक सुरक्षित जगह (करणी सिंह रेंज) पर इंडोर होगी। यह अनिश्चितता तब पैदा हुई जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग से बाहर किए जाने के बाद सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपनी टीम को वर्ल्ड कप के लिए भारत भेजने से मना कर दिया था।

स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में शामिल किया गया

इसके बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की जगह शामिल कर लिया। उन्होंने कहा कि यह मुश्किल फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि टूर्नामेंट से ठीक पहले बीसीबी के मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने के अनुरोध को पूरा करना संभव नहीं था। आईसीसी ने कहा कि भारत में बांग्लादेश की नेशनल टीम अधिकारियों या समर्थकों को कोई भी पुख्ता सुरक्षा खतरा नहीं था और पब्लिश इवेंट शेड्यूल में बदलाव करना सही नहीं था। पूरी खबर पढ़ें