अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने श्रीलंका के खिलाफ अफगानिस्तान की सीरीज को 2026 की आखिरी तिमाही तक के लिए टाल दिया है। इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध के कारण पश्चिम एशिया में विमान समेत परिचालन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। यह सीरीज शुक्रवार (13 मार्च) को संयुक्त अरब अमीरात में शुरू होने वाली थी।
युद्ध के दौरान पश्चिम एशिया के देशों पर भी हमला हुआ है। इसके कारण दुबई जैसे पर्यटक को आकर्षित करने वाले शहरों से होने वाली अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर असर पड़ा है। अफगानिस्तान पहली बार श्रीलंका की मेजबानी करने वाला था। अफगानिस्तान को श्रीलंका से तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी थी।
शारजाह-दुबई में होने थे मैच
तीन टी20 मैच 13,15 और 17 मार्च को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने थे। इसके बाद 20, 22 और 25 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में तीन वनडे मैच खेले जाने थे। अमिरात क्रिकेट बोर्ड (ECB) से जरूरी मंजूरी मिलने के बाद दोनों जगहों पर मैच होस्ट करने की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मार्च की शुरुआत में अचानक हुई घटनाओं की वजह से परिचालन की दिक्कतें पैदा हो गईं।
कई दौर की बैठक
हालात को देखते हुए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अमिरात क्रिकेट बोर्ड (ECB), शारजाह क्रिकेट स्टेडियम (SCS) और दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (DICS) समेत हितधारकों के साथ कई बार बातचीत की। एसीबी ने 4 मार्च को एक बैठक बुलाई, जिसमें 6 मार्च तक हालात पर नजर रखने की सलाह दी गई। उम्मीद की जा रही थी कि हालात सुधरेंगे। इसके बाद 7 मार्च को हुए बैठक में आखिरी फैसला लेने से पहले 9 मार्च तक इंतजार करने की सलाह दी गई।
परिचालन चुनौतियां नहीं दूर हुईं
योजना के अनुसार सीरीज कराने के सभी हितधारकों की मिलकर कोशिशों के बावजूद परिचालन चुनौतियां नहीं दूर हुईं। इससे सीरीज को स्थगित करने का फैसला लिया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) को पूरी जानकारी दी गईऔर सीरीज को स्थगित करने का फैसला श्रीलंका क्रिकेट से सलाह और सहमति से लिया गया।
यह भी पढ़ें: ‘इस भ्रष्ट सरकार ने हमारे नेता को मारा’, ईरान ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा न लेने का किया ऐलान
