अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 11वें संस्करण से पहले हुई खिलाड़ियों की पहली नीलामी से अपने नाम वापस ले लिए। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार एक फ्रेंचाइजी मालिक ने पुष्टि की कि मुजीब उर रहमान,सेद्दीकुल्लाह अटल, मुहम्मद नबी,वकार सलामखेल,फजल हक फारूकी जैसे खिलाड़ियों ने बुधवार (11 फरवरी) को लाहौर में हुए ऑक्शन के लिए रजिस्टर किया था, लेकिन पेशावर जालमी द्वारा अफगानिस्तान के ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज को सीधे जोड़ लेने पर हुए विरोध के बाद उन्होंने अपने नाम वापस ले लिए।

पीएसएल के सीईओ सलमान नसीर ने कहा कि अफगानिस्तान के कुछ खिलाड़ियों ने नाम दिया था, लेकिन किसी फ्रेंचाइजी ने उन्हें नहीं चुना। नसीर ने कहा, ‘ऑक्शन में अफगानिस्तान के कुछ खिलाड़ी थे, लेकिन किसी फ्रेंचाइजी ने उन्हें नहीं खरीदा।’

अफगानिस्तान-पाकिस्तान के खराब संबंधों का असर

नसीर ने कहा कि दोनों देशों के बीच खराब संबंधों का असर नीलामी में देखने को मिला। उन्होंने कहा, ‘जालमी के गुरबाज को साइन करने के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच खराब रिश्तों की वजह से काफी विरोध हुआ। गुरबाज ने पीएसएल से खुद को बाहर कर लिया। इसलिए दूसरे खिलाड़ियों ने भी विरोध से बचने का फैसला किया।’

पाकिस्तानी सेना से हवाई हमले के बाद बिगड़े रिश्ते

पिछले साल के आखिर में जब पाकिस्तान सेना ने आतंकवादियों को टारगेट करने के बहाने अफगानिस्तान के कुछ खास इलाकों में हवाई हमले किए, तब से दोनों देशों के बीच रिश्ते खराब हो गए हैं। अफगानिस्तान के कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान सरकार पर हमला बोला था, जिसका जवाब पाकिस्तान से भी मिला था।

यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 Points Table: इंग्लैंड-वेस्टइंडीज मैच के बाद अंक तालिका, टॉप-5 बल्लेबाज और गेंदबाज

पीटीआई इनपुट से खबर