अफगानिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए सोमवार (16 फरवरी 2026) को यूएई को 5 विकेट से हराया। अफगानिस्तान की इस जीत से फायदा हुआ साउथ अफ्रीका को जो ग्रुप डी में अपने पहले तीनों मैच जीतकर टॉप पर थी। अफगान टीम की जीत से साउथ अफ्रीका को सुपर 8 में एंट्री मिल गई है। प्रोटियाज का अगले राउंड में पहला मैच भारत से होगा।

इतना ही नहीं अभी तक नेपाल, ओमान और नामीबिया समेत तीन टीमें टूर्नामेंट से बाहर भी हो चुकी हैं। ग्रुप डी ही अभी तक एकमात्र ऐसा ग्रुप है जिसमें से कोई भी टीम बाहर नहीं हुई है। साउथ अफ्रीका के अलावा बची हुई चार टीमें न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा अभी तक सभी के पास अपने-अपने तरीके से अलग-अलग समीकरणों के हिसाब से सुपर 8 में जगह बनाने का मौका है।

भारत-साउथ अफ्रीका की होगी भिड़ंत

अब इससे यह साफ हो गया है कि सुपर 8 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच एक कांटे की जंग होने वाली है। यह मुकाबला 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। साउथ अफ्रीका को प्री सीडिंग में सुपर 8 के ग्रुप 1 के लिए X4 माना गया था। अगर इस ग्रुप से अब कोई भी टीम क्वालिफाई करेगी तो उसे सुपर 8 के ग्रुप 2 में बतौर Y2 एंट्री मिलेगी।

अफगानिस्तान का खुला खाता

अफगानिस्तान की टीम अपने पहले दोनों मैचों में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ अच्छा खेलकर हारी थी। अफ्रीका के खिलाफ तो अफगान टीम को डबल सुपर ओवर के बाद हार का सामना करना पड़ा था। अब फिलहाल यूएई को हराते हुए टीम ने अपना खाता खोला है।

ग्रुप डी में साउथ अफ्रीका पहले तीनों मैच जीतकर टॉप पर है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम 3 मैचों में से दो जीत और एक हार के बाद दूसरे स्थान पर है। आगे 17 फरवरी मंगलवार को अगर न्यूजीलैंड की टीम कनाडा को हरा देती है तो अफगानिस्तान और यूएई की भी सुपर 8 की दावेदारी खत्म हो जाएगी और कीवी टीम क्वालिफाई कर लेगी।

यह भी पढ़ें: T20 WC 2026 Points Table: भारत-पाकिस्तान मैच के बाद अंक तालिका, टॉप-5 बल्लेबाज और गेंदबाज
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई टीम में दो साल बाद दिग्गज की एंट्री, श्रीलंका के खिलाफ करो या मरो की जंग
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: सुपर 8 में भारत के मुकाबलों की तारीख पक्की, जानें किस दिन होगा वेस्टइंडीज से मैच