अफगानिस्तान ने जापान के आइची-नागोया में होने वाले 2026 एशियाई खेलों के लिए स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। टीम में ज्यादातर युवा खिलाड़ियों को चुना गया है। दरविश रसूली 15 सदस्यों वाली इस टीम की कप्तानी करेंगे, जिसमें नजीबुल्लाह जदरान और करीम जनत जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। इस टीम को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की राष्ट्रीय चयन समिति ने चुना है।
अफगानिस्तान की स्क्वाड के ज्यादातर खिलाड़ी हाल ही में खत्म हुई 11वीं श्पागीजा क्रिकेट लीग से चुने गए हैं। नियमित कप्तान राशिद खान, रहमानुल्लाह गुरबाज व अजमतुल्लाह ओमरजई जैसे अहम खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा नहीं होंगे। एशियाई खेल 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होने हैं। उससे ठीक पहले वाले हफ्ते में अफागानिस्तान को दिल्ली में भारत के साथ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा।
मोहम्मद अकरम-इस्मत आलम का चयन
टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज मोहम्मद अकरम ने ‘श्पागीजा क्रिकेट लीग’ में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने टूर्नामेंट की आठ पारियों में 339 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे। ऑलराउंडर इस्मत आलम को भी टूर्नामेंट में उनके बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने 294 रन बनाए और नौ विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें ‘बेस्ट प्लेयर’ अवॉर्ड दिया गया।
फाइनल में पहुंचा था अफगानिस्तान
टीम में शामिल अन्य युवा खिलाड़ियों में विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद इशाक, हसन ईसाखिल, खालिद तानीवाल और इमरान मीर शामिल हैं, जबकि नजीबुल्लाह और जन्नत के पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव है। 2022 में चीन में हुए एशियन गेम्स में अफगानिस्तान उप-विजेता रहा था। बारिश के कारण फाइनल धुल गया था। भारत को रैंकिंग के हिसाब से विजेता घोषित किया गया था।
अफगानिस्तान का स्क्वाड
दरविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखिल, खालिद तानीवाल, इमरान मीर, फैसल खान शिनोजादा, नजीबुल्लाह जादरान, फरमानुल्लाह सफी, इस्मत आलम, करीम जनत, नांग्याल खरोती, अरब गुल मोमंद, फरीदून दाऊदजई, अब्दुल्ला अहमदजई
