India A Women Won By 5 Wickets: कप्तान राधा यादव के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन से इंडिया ए ने शुक्रवार 20 फरवरी 2026 को बैंकाक (Bangkok) के टर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड (Terdthai Cricket Ground) पर श्रीलंका ए को पांच विकेट से हरा दिया। राधा यादव प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं।
राधा यादव ने पहले गेंदबाजी करते हुए 3.4 ओवर में 19 रन देकर चार विकेट चटकाए। उसके बाद बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंद में नाबाद 31 रन बनाए। इंडिया ए इस जीत से एसीसी विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
118 रन पर ढेर हुई श्रीलंकाई टीम
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उसका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ। श्रीलंकाई टीम 19.4 ओवर में 118 रन पर ढेर हो गई। राधा यादव की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने उसकी बैटिंग लाइन-अप को तहस-नहस कर दिया।
बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव के अलावा प्रेमा रावत ने चार ओवर में नौ रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने एक ओवर मेडन भी निकाला। तनुजा कंवर ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिए। मिन्नू मणि ने तीन ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया।
संजना रहीं श्रीलंका की शीर्ष स्कोरर
श्रीलंका ए के लिए ओपनर संजना काविंदी (31 रन) शीर्ष स्कोरर रहीं। श्रीलंका का स्कोर 10वें ओवर में दो विकेट पर 71 रन था, लेकिन इसके बाद उसकी बैटर्स भारतीय स्पिनरों का सामना नहीं कर पाईं और नौ ओवर में महज 47 रन के भीतर आठ विकेट गंवा दिए।
श्रीलंका का स्कोर 12.1 ओवर में तीन विकेट पर 80 रन था। इसके बाद अगली 7.2 ओवर में सिर्फ 38 रन में सात विकेट गंवा दिए। श्रीलंका के लिए सबसे बड़ी भागीदारी काविंदी और साथी ओपनर हंसिमा करुणारत्ने (14) के बीच 36 रन की साझेदारी रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए ने 13.3 ओवर में पांच विकेट पर 119 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत को पहला झटका तब लगा जब नंदिनी कश्यप 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उस समय टीम का स्कोर 4.2 ओवर में 30 रन था। चार ओवर बाद वृंदा दिनेश भी आउट हो गईं। वृंदा दिनेश ने 20 गेंद में 42 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान आठ चौके लगाए।
वृंदा दिनेश भारत की शीर्ष स्कोरर
वृंदा दिनेश टीम की शीर्ष स्कोरर रहीं। हालांकि, उनकी जगह क्रीज पर आईं तेजल हसबनीस सिर्फ तीन रन ही अपने खाते में जोड़ पाईं और पवेलियन लौट गईं। तेजल से पहले अनुष्का शर्मा आउट हुईं। उस समय भारत का स्कोर 9.2 ओवर में 3 विकेट पर 84 रन था।
तेजल जब पवेलियन लौटीं तब इंडिया ए का स्कोर 11.2 ओवर में चार विकेट पर 99 रन था। इसके बाद राधा यादव और मिन्नू मणि ने पांचवें विकेट के लिए नौ गेंद में 14 रन बनाए। मिन्नू मणि दो रन के निजी स्कोर पर रन आउट हो गईं।
राधा यादव सात चौके की मदद से नाबाद 31 रन बनाए। अब फाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
