टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना पूरी तरह से जीवंत है, लेकिन इसके लिए टीम इंडिया को सुपर 8 के अपने आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को हराना होगा। भारत वेस्टइंडीज को हराते ही सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा, लेकिन ये टीम कमजोर तो बिल्कुल भी नहीं है। खास तौर पर इस टीम की बल्लेबाजी लाइनअप गजब की है और इनके पास एक से बढ़कर एक बैटर टीम में मौजूद हैं।

वेस्टइंडीज का टी20 वर्ल्ड कप में सफर अब तक काफी अच्छा रहा है, लेकिन पिछले मुकाहले में इस टीम को साउथ अफ्रीका ने 9 विकेट से हराया था। वेस्टइंडीज ने जिस तरह से जिम्बाब्वे को हराया था उसके बाद लगा था कि ये टीम साउथ अफ्रीका को कड़ी टक्कर देगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। साउथ अफ्रीका के हाथों मिली हार के बाद कैरेबियाई टीम भी वापसी करना चाहेगी क्योंकि उसके पास भी सेमीफाइनल में पहुंचने का उतना ही मौका है जितना कि भारत के पास।

कुलदीप यादव को मिल सकता है मौका

भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ एक बेहतर प्लेइंग 11 के साथ मैदान पर उतरना होगा और कोलकाता में बिना किसी गलती के अच्छी क्रिकेट खेलने की जरूरत है। कोलकाता में भारत एक बदलाव कर सकता है जिसमें वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग 11 से बाहर किया जा सकता है और कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है जो रिस्ट स्पिनर हैं और विकेट लेने के लिए वो पिच या कंडीशन के मोहताज नहीं हैं। वरुण पिछले दो मैचों में प्रभावशाली नहीं रहे हैं और उनकी गेंद पर रन भी खूब बन रहे हैं।

कोलकाता में भारत एक बदलाव के अलावा शायद ही कोई बदलाव करे। रिंकू सिंह अपने पिता के निधन के बाद उपलब्ध हों इसको लेकर कुछ साफ नहीं है, लेकिन अगर वो उपलब्ध होते भी हैं तो वो शायद ही प्लेइंग 11 का हिस्सा बनें। वेस्टइंडीज के खिलाफ एक बार फिर से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ओपन कर सकते हैं जबकि तीसरे नंबर पर इशान किशन होंगे और उनके बाद कप्तान सुर्यकुमार यादव आएंगे।

जिम्बाब्वे के खिलाफ हार्दिक पंड्या 5वें नंबर पर आए थे और गजब की अर्धशतकीय पारी खेली थी जबकि इसके बाद यानी छठे नंबर पर तिलक वर्मा आ सकते हैं जो लय में आ चुके हैं। 7वें नंबर पर शिवम दुबे होंगे जबकि 8वें स्थान पर उप-कप्तान अक्षर पटेल होंगे। टीम में तेज गेंदबाज के रूप में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह होंगे जबकि स्पिनर के रूप में कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

ये खबरें भी पढ़ें

‘अभिषेक-तिलक से नहीं चलेगा काम, शिवम बढ़ा सकते हैं परेशानी’; पूर्व बैटर ने इंडीज के खिलाफ मैच से पहले भारत को किया सावधान

तिलक वर्मा ने 275 की स्ट्राइक रेट से रन बनाकर हार्दिक पंड्या को छोड़ा पीछे, युवराज अब भी पहले नंबर पर काबिज