टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखड़े स्टेडियम में होगा। इंग्लैंड ने इस वर्ल्ड कप में बिना किसी शोर-शराबे के चुपके से अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर सेमीफाइनल में भारत से पहले पहुंच गया था। अब भारत को इस टीम को हराने के बाद ही फाइनल का टिकट मिलेगा, लेकिन सवाल ये है कि क्या ये आसान होने वाला है।

इंग्लैंड की बैटिंग लाइनअप है मजबूत

भारत और इंग्लैंड के बीच का मैच वानखेड़े स्टेडियम पर खेला जाएगा जहां खूब रन बनते हैं। यहां की बाउंड्री भी छोटी है और बल्लेबाज जमकर शॉट लगाते हैं। इंग्लैंड की बैटिंग लाइनअप शानदार है बेशक जोस बटलर नहीं चल रहे, फिल साल्ट के लिए अब तक का सफर कुछ खास नहीं रहा है, लेकिन ये कभी भी क्लिक कर सकते हैं। इसके बाद टीम में हैरी ब्रुक, जैकब बेथेल जैसे बैटर हैं यानी मुकाबला तो कड़ा होगा।

वानखेड़े में पहले बल्लेबाजी करें या फिर बाद में बल्लेबाजों के लिए काफी कुछ होगा और फर्क गेंदबाज ही पैदा करेंगे। इंग्लैंड की गेंदबाजी में भी जान है जहां जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, रेहान अहमद जैसे खिलाड़ी है। भारत को इस टीम को हराने के लिए जोर लगाना होगा। यही नहीं भारत को अपनी सबसे बेहतरीन टीम के साथ इस रोमांचक मुकाबले में भी उतरना होगा।

भारतीय प्लेइंग 11 में बदलाव की संभावना कम

भारत की ओपनिंग पेयर की बात करें तो इस टीम के पास तीन ओपनर हैं जिसमें अभिषेक, संजू और इशान किशन शामिल हैं। इनमें से फिलहाल अभिषेक और इशान चल नहीं रहे, लेकिन संजू का बल्ला वेस्टइंडीज के खिलाफ चला था। यानी इंग्लैंड के खिलाफ संजू का पार्टनर कौन होगा इस पर सबकी नजर होगी। हालांकि ऐसा लगता है कि अभिषेक और संजू ही ओपन करेंगे और इशान तीसरे नंबर पर आएंगे, लेकिन अभिषेक और संजू पर टीम को मजबूत शुरुआत की जिम्मेदारी जरूर होगी।

भारत की बल्लेबाजी क्रम की बात करें तो इसके बाद यानी चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव होंगे जबकि पांचवें या छठे स्थान पर जरूरत के मुताबिक तिलक या हार्दिक को भेजा जा सकता है। इनके बाद शिवम दुबे और अक्षर पटेल होंगे। भारतीय टीम की तेज बॉलिंग लाइनअप में अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह होंगे जबकि बतौर स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टीम का हिस्सा होंगे। यानी इंग्लैंड के खिलाफ भारत उसी प्लेइंग 11 के साथ मैदान पर उतर सकता है जो टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली थी यानी बदलाव की संभावना कम है।

इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11

संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

ये खबरें भी पढ़ें

Jansatta Opinion: वेस्टइंडीज से तो जीत गए, लेकिन इंग्लैंड ना कर दे परेशान; भारत के जी का जंजाल ये 5 कमजोरियां

‘इंडिया अच्छी क्रिकेट नहीं खेल रहा, विनर बनने के लिए नहीं है हॉट फेवरेट’; मोहम्मद आमिर ने फिर किया दावा