भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग स्टेज में अपराजेय रहते हुए सुपर 8 में जगह बनाई। भारतीय टीम ने अपने सभी लीग मैच जीते और 8 अंक के साथ ग्रुप ए की अंकतालिका में पहले नंबर पर रही। अब सुपर 8 में भारत ग्रुप ए में जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के साथ मौजूद है। भारत को सुपर 8 का पहला मैच मजबूत साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 फरवरी को खेलना है।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सुपर 8 का मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा। इस मैदान पर दो तरह की पिच है जिसमें एक लाल तो दूसरी काली मिट्टी से बनी है। लाल मिट्टी की पिच जल्दी सूख जाती है जिसकी वजह से स्पिनर को टर्न मिलता है तो पेसर को अतिरिक्त उछाल मिलती है। वहीं काली मिट्टी की पिच सपाट होती है और यहां बल्लेबाज खूब रन बना सकते हैं क्योंकि गेंद बल्ले पर आती है। अब भारत पिच की स्थिति को देखते हुए अपनी बेस्ट प्लेइंग 11 के साथ इस मैदान पर उतरेगा।

भारतीय टीम में एक बदलाव की संभावना

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिच की कंडीशन को भी देखें तो टीम इंडिया में एक बदलाव की संभावना नजर आती है। नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत ने 2 बदलाव किए थे, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत अपनी प्लेइंग इलेवन से वाशिंगटन सुंदर को बाहर कर सकता है और उनकी जगह उप-कप्तान अक्षर पटेल की वापसी हो सकती है। सुंदर का प्रदर्शन नीदरलैंड्स के खिलाफ अच्छा नहीं रहा था।

अक्षर की वापसी के बाद टीम में दो स्पिनर उनके और वरुण के रूप में होंगे जबकि एक-दो ओवर की बात हो तो तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा भी टीम की मदद कर सकते हैं। पेसर के रूप में टीम में चार विकल्प होंगे जिसमें बुमराह अर्शदीप, हार्दिक और शिवम दुबे हैं। भारत की सबसे बड़ी चिंता अभिषेक शर्मा का फॉर्म में नहीं होना है। वो तीन बार डक पर आउट हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद साउथ अफ्रीका के खिलाफ संजू सैसमन की प्लेइंग इलेवन में वापसी नहीं होगी।

संजू सैमसन की वापसी मुश्किल

भारतीय टीम मैनेजमेंट साउथ अफ्रीका के खिलाफ इशान और अभिषेक को ही बतौर ओपनर मौका देगी। यही नहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ जो प्लेइंग इलेवन मैदान पर उतरेगी लगभग वही टीम सेमीफाइनल, फाइनल में खेलती हुई नजर आएगी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम लगभग वही रहेगी जो नीदरलैंड्स के खिलाफ थी। मोहम्मद सिराज, कुलदीप को इंतजार करना पड़ेगा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11

इशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

ये खबर भी पढ़ें

नीदरलैंड्स के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले शिवम दुबे रह गए खाली हाथ, वरुण चक्रवर्ती को मिला इनाम

शिवम ने पारी में 6 छक्के लगा तोड़ा युवराज, रैना, इशान का रिकॉर्ड; 66 रन बनाकर हार्दिक का कीर्तिमान किया ध्वस्त