न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 छक्कों की मदद से तीसरे टी20 मैच में ताबड़तोड़ पारी खेलने वाले अभिषेक शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली और भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अभिषेक तीसरे मैच में लगाए अपने 11 छक्कों के दम पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए जहां कभी सूर्यकुमार यादव थे।
9 मैचों में 33 छक्के लगा अभिषेक पहुंचे टॉप पर
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक कुल 9 टी20आई मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने कुल 33 छक्के लगाए हैं। अब वो सूर्यकुमार यादव से आगे निकल चुके हैं जिन्होंने कीवी टीम के विरुद्ध टी20आई में 14 मैचों में 29 छक्के लगाए हैं। कीवी टीम के खिलाफ टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में अब अभिषेक ने टॉप पोजिशन पर कब्जा कर लिया है जबकि सूर्यकुमार यादव दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं।
इस लिस्ट में फिलहाल तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं जो अब भारत के लिए टी20आई प्रारूप में नहीं खेलते हैं। रोहित शर्मा ने कीवी टीम के खिलाफ 17 मैचों में 511 रन बनाए और इस दौरान कुल 27 छक्के लगाए थे। इस लिस्ट में इशान किशन चौथे स्थान पर मौजूद हैं जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक कुल 13 मैच खेले हैं जिसमें उनके बल्ले से कुल 22 छक्के निकले हैं। इस सूची में 5वें स्थान पर शिवम दुबे और संजू सैमसन एक साथ मौजूद हैं। शिवम ने कीवी टीम के खिलाफ अब तक खेले 11 मैचों में 16 छक्के लगाए हैं जबकि संजू ने भी इतने ही मैचों में 16 छक्के जड़े हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20आई में सर्वाधिक सिक्स जड़ने वाले टॉप-5 भारतीय
अभिषेक शर्मा- 9 मैच- 33 छक्के
सूर्यकुमार यादव- 14 मैच- 29 छक्के
रोहित शर्मा- 17 मैच- 511 छक्के
इशान किशन- 13 मैच- 22 छक्के
शिवम दुबे- 11 मैच- 16 छक्के
संजू सैमसन- 11 मैच- 16 छक्के
भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की तरफ से टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में फिलहाल पहले नंबर पर टिम सीफर्ट हैं जिन्होंने 19 मैचों में 28 छक्के लगाए हैं जबकि दूसरे नंबर पर डेरिल मिचेल हैं जिन्होंने 23 मैचों में 25 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर कॉलिन मुनरो हैं जिन्होंने 12 मैचों में 24 छक्के लगाए हैं तो वहीं 16 मैचों में 23 छक्के लगाने वाले मार्टिन गप्टिल चौथे स्थान पर हैं। गप्टिल के साथ चौथे स्थान पर ग्लेन फिलिप्स हैं जिन्होंने 20 मैचों में 23 छक्के लगाए हैं। (ये आंकड़े क्रिकइंफो से लिए गए हैं, साथ ही इनमें बाद में बदलाव हो सकते हैं।)
