भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक टी20 ओपनर अभिषेक शर्मा का बल्ला भले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खामोश रहा हो, लेकिन रिकॉर्ड्स की लिस्ट में वह अभी भी पीछे नहीं हैं। अभिषेक ने पिछले एक डेढ़ साल में ऐसी क्रिकेट खेली है कि अब आउट ऑफ फॉर्म होने के बावजूद वह दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं। अगर टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 50 छक्के पूरे करने की बात करें तो अभिषेक टॉप पर बरकरार हैं। वहीं डेवाल्ड ब्रेविस ने आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ा था।

साउथ अफ्रीका ने अपना सुपर 8 का आखिरी मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। इस मैच में 4 छक्के लगाकर डेवाल्ड ब्रेविस ने अपने 50 छक्कों का आंकड़ा पार किया था। गेंदों के लिहाज से सबसे जल्दी 50 टी20 इंटरनेशनल छक्के लगाने के मामले में वह अब तीसरे स्थान पर आ चुके हैं। ब्रेविस ने आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ा और अपने टी20 करियर की 388वीं गेंद पर 50वां छक्का जड़ा था। डेवाल्ड ब्रेविस मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने 6 पारियों में अभी तक 173 रन ताबड़तोड़ अंदाज में बनाए हैं।

T20I में सबसे तेज 50 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाज (गेंदों के हिसाब से)

  • अभिषेक शर्मा: 331 गेंद
  • एविन लुईस: 366 गेंद
  • डेवाल्ड ब्रेविस: 388 गेंद
  • आंद्रे रसेल: 409 गेंद
  • हजरतुल्लाह जजई: 492 गेंद

अभिषेक शर्मा सैकड़ा पूरा करने के करीब

अभिषेक शर्मा अब टी20 इंटरनेशनल में अपने छक्कों का सैकड़ा पूरा करने के करीब हैं। उन्होंने अभी तक अपने करियर में कुल 93 छक्के लगाए हैं। अभी भारत सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरेगा इंग्लैंड के खिलाफ। वैसे तो एक पारी में 7 छक्के लगाना अभिषेक के लिए बड़ी बात नहीं है, लेकिन अभी उनका बल्ला खामोश है। ऐसे में देखना होगा कि वह अपने 100 छक्के इस वर्ल्ड कप में ही पूरे कर पाते हैं या नहीं।

यह भी पढ़ें- ICC टूर्नामेंट में भारत-इंग्लैंड के बीच 5वां सेमीफाइनल, दो बार हार चुकी है टीम इंडिया
यह भी पढ़ें- संजू सैमसन नहीं, 12वें ओवर में दो विकेट और 4 रन देने वाला भारतीय चुना गया इम्पैक्ट प्लेयर; देखें VIDEO