रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले लेग में बंगाल की टीम ने जीत के साथ आगाज किया है। पहले मैच के आखिरी दिन बंगाल की टीम ने दिल्ली को 9 विकेट से हराया। इस मैच में बंगाल की जीत के हीरो रहे शतकवीर अभिषेक पोरेल और सुदीप कुमार घरामी। वहीं दिग्गज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भी पहली पारी में 4 विकेट सहित पूरे मैच में 5 विकेट झटके।

दिल्ली के लिए कप्तान आयुष बडोनी ने 85 रन की पारी समेत 5 विकेट भी इस मैच में लिए। उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी खास प्रभावित नहीं कर पाया। दिल्ली प्रीमियर लीग के बाद रणजी में मौका पाने वाले सार्थक रंजन ने निराश किया और 33 व 3 रन का ही योगदान दिया। उनके अलावा यश ढुल ने भी पूरे मैच में निराश किया।

दिल्ली की टीम पहली पारी से ही पिछड़ी

इस मुकाबले में पहले खेलते हुए दिल्ली की टीम ने पहली पारी में 240 रन बनाते हुए 10 विकेट गंवा दिए थे। बंगाल के लिए शमी ने 4, आमिर गनी ने 3 और आकाशदीप ने 2 विकेट झटके थे। जवाब में बंगाल ने सुदीप घरामी की 133 और अभिषेक पोरेल की 149 रन की पारियों के बदौलत 429 रन बनाए और 189 रन की बढ़त हासिल की।

दिल्ली की टीम ने दूसरी पारी में भी सिर्फ 277 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बंगाल के लिए दूसरी पारी में शमी, आकाशदीप और मुकेश कुमार को 1-1 विकेट मिला। प्रदिप्ता प्रमिनिक ने 3 और आमिर गनी व सुमंता गुप्ता ने 2-2 विकेट लिए। बंगाल ने 89 रन का लक्ष्य 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया और मुकाबला जीता।

बंगाल नंबर 2 और गुजरात ग्रुप सी में टॉप पर

बंगाल की टीम इस जीत के बाद ग्रुप सी की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। उसके 6 अंक हो चुके हैं। वहीं ओडिशा को ग्रुप सी के अन्य मैच में हराकर आई गुजरात ने भी 6 अंक के साथ नंबर 1 पोजिशन पर कब्जा किया है। बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ देसाई की शानदार गेंदबाजी के दम पर गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर बोनस अंक सहित 6 अंक हासिल किए। गुजरात का नेट रनरेट बंगाल से बेहतर है। वहीं झारखंड और केरल का मैच ड्रॉ हुआ और केरल को 1 व झारखंड को 3 अंक मिले।

WCL 2026: इंडिया चैंपियंस बाहर, साउथ अफ्रीका-वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में; बचे हुए 2 स्थान के लिए तीन टीमों में टक्कर

WCL 2026 के 15 मैचों के बाद अब सेमीफाइनल की दो टीमें कंफर्म हो चुकी हैं। साउथ अफ्रीका चैंपियंस और वेस्टइंडीज चैंपियंस ने अंतिम 4 में जगह बना ली है। वहीं इंडिया चैंपियंस की टीम अब बाहर हो गई है। बचे हुए 2 स्थानों के लिए तीन टीमों में टक्कर है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर